Site icon Dainik Savera Times

Jammu and Kashmir : रामबन में बादल फटने से आई बाढ़, 40 मकानें क्षतिग्रस्त, 3 लोगों की मौत

Cloudburst causes flood in Ramban

Cloudburst causes flood in Ramban

जम्मू डेस्क : जम्मू कश्मीर में रामबन जिले के एक गांव में रविवार को भारी बारिश के कारण अचानक बाढ़ आ गई जिसके बाद 100 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। मिली जानकारी के अनुसार वहीं इस हादसे में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर नाशरी और बनिहाल के बीच करीब एक दर्जन स्थानों पर भूस्खलन और मिट्टी धंसने की घटनाएं हुईं जिनके कारण यातायात को रोक दिया गया। उन्होंने बताया कि धर्म कुंड गांव में अचानक आई बाढ़ के कारण करीब 40 मकान क्षतिग्रस्त हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि बादल फटने और लगातार बारिश के बावजूद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और उन्होंने फंसे हुए 100 से अधिक ग्रामीणों को बचाया। उन्होंने बताया कि एक जलाशय के उफान पर होने के कारण कई वाहन बह गए।

यात्रा न करने की सलाह दी गई

यातायात विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि नाशरी और बनिहाल के बीच कई स्थानों पर भूस्खलन, मिट्टी धंसने और पत्थर गिरने की घटनाओं के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। उन्होंने बताया कि राजमार्ग पर बारिश जारी है और लोगों को मौसम में सुधार होने तथा सड़क साफ होने तक मुख्य सड़क पर यात्रा न करने की सलाह दी गई है।

Exit mobile version