Site icon Dainik Savera Times

Jammu Kashmir News: बर्फ में फंसे लोगों के लिए देवदूत बने जवान, नीलिना टॉप क्षेत्र से किया रेस्क्यू

Snowfall

Snowfall

जम्मू कश्मीर न्यूजः पुंछ को कश्मीर से जोड़ने वाली ऐतिहासिक मुगल रोड पर रविवार शाम भारी बर्फबारी के बीच इंसानियत और बहादुरी की एक बड़ी मिसाल देखने को मिली। पीर की गली के पास बर्फ में फंसे तीन लोगों को पुंछ प्रशासन, सुरनकोट पुलिस और सीमा सड़क संगठन (BRO) ने संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

दरअसल, रविवार देर शाम कश्मीर से पुंछ की ओर आ रही एक कार पीर की गली के नीलिना टॉप क्षेत्र में भारी बर्फबारी के कारण फंस गई। तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे चला गया था और लगातार हो रही बर्फबारी के चलते वाहन में सवार तीनों लोग पूरी तरह असहाय हो गए। इस दौरान एक व्यक्ति ने मोबाइल फोन से जिला विकास उपायुक्त को संबोधित करते हुए एक वीडियो बनाया, जिसमें उसने अपनी जान बचाने की गुहार लगाई। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

अंधेरे और बर्फ में चला साहसिक अभियान

खराब मौसम और रात के अंधेरे के बावजूद बीआरओ की 79 आरसीसी और सुरनकोट पुलिस की टीम ने बिना समय गंवाए बचाव कार्य शुरू किया। बर्फ हटाने वाली मशीनों के साथ टीम नीलिना टॉप की ओर रवाना हुई। फिसलन भरे रास्ते और बेहद कम दृश्यता के कारण हर कदम पर खतरा था, लेकिन जवानों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए बर्फ की मोटी परत को हटाकर पीड़ितों तक पहुंचने का रास्ता बनाया।

समय रहते कार्रवाई से बची जान

कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद बचाव दल ने तीनों फंसे हुए लोगों को सुरक्षित खोज निकाला और उन्हें वहां से निकालकर सुरनकोट पहुंचाया। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, यदि रेस्क्यू ऑपरेशन में थोड़ी भी देरी होती तो रात भर की बर्फबारी और कड़ाके की ठंड उनकी जान ले सकती थी। सभी बचाए गए लोग पुंछ जिले के निवासी हैं।

सुरक्षा बलों के साहस की सराहना

स्थानीय लोगों ने पुलिस और बीआरओ के जवानों के इस साहसी और मानवीय कार्य की जमकर प्रशंसा की है। विषम परिस्थितियों में सुरक्षा बलों की तत्परता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वे केवल सीमाओं के रक्षक ही नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में आम जनता के सबसे बड़े मददगार भी हैं।

Exit mobile version