Site icon Dainik Savera Times

Japan Open : भारत की धमाकेदार शुरुआत… Satwik-Chirag की जोड़ी और Lakshya दूसरे दौर में पहुंचे

Japan Open: टोक्यो में चल रहे जापान ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट 2025 में भारत ने पहले ही दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत का परचम लहराया। देश की शीर्ष पुरुष डबल्स जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने दमदार अंदाज़ में मुकाबला जीतकर टूर्नामेंट के दूसरे दौर में जगह बना ली। वहीं, मेंस सिंगल्स में भारत के युवा शटलर लक्ष्य सेन ने भी जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की।

सात्विक-चिराग की कोरियाई जोड़ी पर धमाकेदार जीत

विश्व रैंकिंग में 15वें पायदान पर काबिज सात्विक और चिराग की भारतीय जोड़ी ने कोरिया के कांग मिन ह्युक और किम डोंग जू को सीधे गेम में 21-18, 21-10 से मात दी। यह मुकाबला महज 42 मिनट में समाप्त हो गया।

हालांकि, पहले गेम में कोरियाई खिलाड़ियों ने कड़ी टक्कर दी, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ा, भारतीय जोड़ी ने अपने खेल पर पकड़ बनाते हुए बढ़त हासिल की। दूसरा गेम पूरी तरह से भारतीय खिलाड़ियों के नियंत्रण में रहा, जहां उन्होंने आक्रामक रुख अपनाते हुए कोरियाई शटलर्स को वापसी का मौका ही नहीं दिया।

लक्ष्य सेन ने फॉर्म में लौटते हुए मारी बाज़ी

भारत के उभरते स्टार लक्ष्य सेन ने भी शानदार खेल दिखाते हुए चीन के वांग झेंग जिंग को सीधे गेम में 21-11, 21-18 से हराया। लंबे समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे लक्ष्य सेन के लिए यह जीत आत्मविश्वास बढ़ाने वाली रही। उन्होंने पहले गेम में पूरी तरह से दबदबा बनाए रखा और दूसरे गेम में भी संयमित खेल के दम पर जीत दर्ज की।

अब लक्ष्य सेन का अगला मुकाबला जापान के अनुभवी और सातवीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी कोडाई नाराओका से होगा, जो घरेलू दर्शकों के समर्थन के चलते एक कठिन प्रतिद्वंदी साबित हो सकते हैं।

भारत की उम्मीदें बढ़ीं

सात्विक-चिराग की अनुभवी जोड़ी जहां डबल्स में भारत की सबसे बड़ी ताकत बन चुकी है, वहीं लक्ष्य सेन की फॉर्म में वापसी से सिंगल्स में भारत की चुनौती को भी नई मजबूती मिली है। दोनों ही खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने भारत की टूर्नामेंट में उम्मीदों को नया उत्साह दिया है।

Exit mobile version