Site icon Dainik Savera Times

व्यापारियों का बहाना या असलियत… इस राज्य में शराब की 800 बोतलें गटक गए चूहे

Jharkhand News

झारखंड डेस्क: झारखंड में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे जानने के बाद आप हैरान रह जाएंगे। क्या आपको लगता है कि इंसानों की तरह चूहे भी शराब का सेवन करते हैं? चूहे भी ऐसे कि शराब की 800 से ज्यादा बोतल गटक जाएं। जी हां, ऐसा ही मामला सामने आया है झारखंड में। यहां के व्यापारियों ने दावा किया है कि शराब के शौकीन चूहे बोतलों को खाली कर गए। मामला धनबाद जिले में सामने आया है।

भारतीय निर्मित विदेशी शराब (IMFL) का स्टॉक गायब होने पर पूरी बात सामने आई। स्टॉक क्यों गायब हुआ, व्यापारियों ने चूहों के ऊपर ही 800 बोतलें शराब गटकने का आरोप लगा दिया। हालांकि व्यापारियों का खुद को बचने का दावा सुनकर हर कोई शख्स हैरान है। एक सितंबर से झारखंड में नई आबकारी नीति लागू होनी है। इससे एक महीने पहले ही यह हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है।

नई नीति लागू होने से पहले जांच शुरू

वहीं, नई नीति लागू होने से पहले प्रशासन राज्यभर में शराब के स्टॉक की जांच कर रहा है। इसके तहत धनबाद के बलियापुर, प्रधान खुंटा इलाकों में दुकानों की जांच की जा रही है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक शुरुआती जांच के दौरान 802 बोतलें शराब की खाली पाई गई हैं।

पहले भी मढ़ चुके हैं दोष

व्यापारियों ने गड़बड़ी का पूरा दोष चूहों पर मढ़ दिया और कहा कि चूहों ने बोतलों के ढक्कन चबा लिए थे। इसके बाद खुद शराब का सेवन कर लिया। वहीं, विभाग ने उनकी एक भी बात नहीं मानी और नुकसान की भरपाई करने के आदेश जारी किए हैं। ऐसा पहली बार नहीं है कि जब कोई मामला सामने आया हो। इससे पहले पुलिस ने 9 किलोग्राम गांजा और 10 किलोग्राम भांग जब्त की थी। कोर्ट में तब पुलिस ने कहा था कि इसे चूहे खा गए। कोर्ट ने मामले में कड़ी फटकार लगाई थी।

पारदर्शिता के लिए मुहिम

झारखंड में जो नई शराब नीति लागू होनी है, उसके तहत शराब की दुकानों के प्रबंधन से लेकर आवंटन तक का काम निजी लाइसेंसधारकों को सौंपा जाना है। इनका चयन ऑनलाइन लॉटरी के जरिए किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार कामकाज में पारदर्शिता लाने के लिए ही विभाग यह कवायद कर रहा है।

Exit mobile version