
Joe Root : भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच का पहला दिन पूरी तरह इंग्लैंड के बल्लेबाजों के नाम रहा। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और पहले दिन 4 विकेट के नुकसान पर 251 रन बना लिए।
इस दौरान इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 99 रन बनाए और इतिहास रच दिया। उनके साथ कप्तान बेन स्टोक्स 39 रन पर नाबाद लौटे। रूट शतक से केवल एक रन दूर रह गए, लेकिन उनके बल्ले से निकले 99 रनों ने कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ दिए।
इंग्लैंड में 7000 टेस्ट रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने रूट
जो रूट ने इस पारी के दौरान एक ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया। वे इंग्लैंड की धरती पर टेस्ट क्रिकेट में 7000 रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। इस लिस्ट में रूट के बाद इंग्लैंड के दो दिग्गज बल्लेबाज शामिल हैं:
जो रूट – 7000 रन
एलिस्टर कुक – 6568 रन
ग्राहम गूच – 5917 रन
यह आंकड़ा इस बात का प्रमाण है कि जो रूट इंग्लैंड की सरजमीं पर कितने स्थिर और प्रभावशाली बल्लेबाज रहे हैं।
भारत के खिलाफ रूट का 3000 टेस्ट रन का आंकड़ा भी पूरा
जो रूट ने इस पारी में 45 रन बनाते ही भारत के खिलाफ 3000 टेस्ट रन भी पूरे कर लिए। वह भारत के खिलाफ टेस्ट में यह आंकड़ा छूने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
इतना ही नहीं, 33 रन के आंकड़े पर पहुंचते ही रूट ने भारत के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में 4000 रन भी पूरे कर लिए। इस मुकाम तक पहुंचने वाले वे दुनिया के चौथे बल्लेबाज बने। उनसे पहले ये उपलब्धि रिकी पोंटिंग, महेला जयवर्धने और कुमार संगकारा ने हासिल की थी।
भारत के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज:
1. रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया) – 4795 रन
2. महेला जयवर्धने (श्रीलंका) – 4563 रन
3. कुमार संगकारा (श्रीलंका) – 4287 रन
4. जो रूट (इंग्लैंड) – 4066 रन
मेष: दिन शुभ रहेगा...