नेशनल डेस्क : राजा रघुवंशी हत्याकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। 29 वर्षीय राजा अपनी पत्नी सोनम के साथ मेघालय में हनीमून पर गए थे, जहां उनकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस मामले में सोनम और उनके प्रेमी सहित चार अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसी बीच अब भाजपा सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने अपने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
कंगना रनौत की तीखी प्रतिक्रिया
आपको बता दें कि बॉलीवुड अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने इस जघन्य घटना पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, “यह कितना बेतुका है! एक महिला शादी के लिए मना नहीं कर सकती क्योंकि वह अपने माता-पिता से डरती है, लेकिन वह सुपारी किलर के साथ एक कोल्ड ब्लडेड मर्डर को प्लान कर सकती है।” उन्होंने इसे “क्रूर, जघन्य और बेतुका” बताते हुए कहा कि मूर्ख लोगों को कभी भी हल्के में नहीं लेना चाहिए, क्योंकि वे किसी भी समाज के लिए सबसे बड़ा खतरा होते हैं। कंगना ने कहा कि “बुद्धिमान लोग अपने फायदे के लिए दूसरों को नुकसान पहुंचा सकते हैं, लेकिन एक मूर्ख व्यक्ति को पता नहीं होता कि वह क्या कर रहा है।”
20 मई को हनीमून पर गए थे…
राजा और सोनम रघुवंशी ने 11 मई 2025 को इंदौर में शादी की थी और 20 मई को मेघालय हनीमून के लिए गए थे। 23 मई को दोनों का संपर्क टूट गया और 2 जून को राजा का शव शिलांग के पास एक गहरी खाई में मिला। पुलिस ने जांच शुरू की और पाया कि सोनम ने अपने प्रेमी राज सिंह कुशवाहा और दो अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर राजा की हत्या की साजिश रची थी। सोनम ने गाजीपुर, उत्तर प्रदेश में आत्मसमर्पण किया और बाद में उसे मेघालय पुलिस ने शिलांग लाया।
परिवार की प्रतिक्रिया
राजा के परिवार ने इस जघन्य अपराध के लिए कड़ी सजा की मांग की है। राजा की मां ने आरोपियों के लिए फांसी की सजा की वकालत की है। वहीं, सोनम के परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं और मामले की केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच की मांग की है। यह मामला न केवल एक व्यक्तिगत त्रासदी है, बल्कि समाज में रिश्तों की जटिलताओं और विश्वासघात के गंभीर पहलुओं को भी उजागर करता है। पूरे देश में इस घटना की कड़ी निंदा हो रही है और न्याय की उम्मीद जताई जा रही है।

