Dainik Savera Times

Khan Sir Reception Party : तेजस्वी यादव ने पूछा- ब्याह कब किए ? खान सर ने दिया ऐसा जवाब… हंसी रोक नहीं पाएंगे आप

नेशनल डेस्क : शिक्षा के क्षेत्र में एक अलग पहचान बनाने वाले बिहार के मशहूर शिक्षक और यूट्यूबर खान सर ने कुछ दिन पहले यानी 26 मई को गुपचुप से अपनी शादी कर ली। इस खबर को सुनकर हर कोई चौंक गया। किसी को कानों-कान खबर तक नहीं हुई, और जब खुद खान सर ने अपनी क्लास में निकाह की जानकारी दी, तो हर कोई हैरान रह गया। फिर बीते दिन यानी 2 जून को पटना में उन्होंने एक रिसेप्शन पार्टी का आयोजन किया, जिसमें कई नामचीन लोग शामिल हुए, लेकिन सबसे ज्यादा ध्यान खींचा पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की मौजूदगी ने। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

जैसे आपने की थी, हम भी वैसे ही किए …

दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें तेजस्वी यादव, स्टेज पर खान सर से बड़े ही मज़ेदार लहजे में पूछते हैं, “ब्याह कब किए?” इस पर खान सर अपने चिर-परिचित अंदाज में जवाब देते हैं, “अभी जो इंडिया-पाकिस्तान का कॉन्फ्लिक्ट चल रहा था, उसी बीच में।” यह सुनते ही वहां मौजूद सभी लोग हंसने लगते हैं। खान सर ने आगे कहा, “और मॉडल आप ही का था – बिल्कुल चुपचाप करना है और बाद में बताना है।” तेजस्वी यादव फिर मुस्कुराते हुए पूछते हैं, “बस परिवार के ही लोग थे?” इस पर खान सर जवाब देते हैं, “हां, बस 12-13 लोग ही थे।” और फिर मजाक में जोड़ा, “जैसे आपने की थी, हम भी वैसे ही किए। हमने सोचा कि कॉपी किससे करें, तो आप ही को कर लिए।”

6 जून को स्टूडेंट्स के लिए दावत

खान सर ने यह भी घोषणा की कि उन्होंने अपने सभी छात्रों के लिए अलग से एक भोज का आयोजन किया है, जो 6 जून को होगा। इस बात की जानकारी उन्होंने खुद अपनी क्लास में दी थी, जिससे उनके छात्रों में भी काफी उत्साह है। उनकी इस विनम्रता और जुड़ाव को देखकर लोग कह रहे हैं कि खान सर शिक्षक ही नहीं, एक सच्चे मार्गदर्शक भी हैं।

गुपचुप शादी, सार्वजनिक रिसेप्शन

शादी की पूरी प्रक्रिया बेहद निजी और सादा रखी गई थी। ना किसी को न्योता, ना कोई शोरगुल। लेकिन जब रिसेप्शन हुआ, तो उसने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरीं। खासकर तेजस्वी यादव के साथ खान सर की बातचीत और उनके मजाकिया अंदाज़ ने लोगों को खूब हंसाया और यह वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया।

क्यों चर्चा में रहते हैं खान सर?

खान सर सिर्फ एक शिक्षक नहीं, बल्कि देशभर के युवाओं के लिए एक प्रेरणा हैं। वे अपने बिहारी अंदाज, बेबाक भाषा और सरल समझाने के तरीके के लिए जाने जाते हैं। उनके लाखों स्टूडेंट्स ऑनलाइन पढ़ाई करते हैं और उनके हर बयान पर सोशल मीडिया में चर्चा होती है। इसलिए उनकी शादी की खबर का यूं गुपचुप आना सभी के लिए चौंकाने वाला था।

Exit mobile version