Site icon Dainik Savera Times

‘उनके नेता खुद मान रहे हार की वजह कांग्रेस…’, किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर पलटवार

Kiren Rijiju attacks the opposition over the ruckus in Parliament

Kiren Rijiju attacks the opposition over the ruckus in Parliament

नेशनल डेस्क: केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हरियाणा चुनाव में “वोट चोरी” वाले बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हरियाणा का मुद्दा उठाकर बिहार चुनाव से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: ‘हरियाणा में 25 लाख वोट चोरी हुए, 8 में से 1 मतदाता फर्जी’, राहुल गांधी का बड़ा आरोप

पार्टी के अंदर समन्वय की कमी- रिजिजू 

रिजिजू ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस इसलिए हारी क्योंकि उसके नेता ज़मीनी स्तर पर काम ही नहीं कर रहे थे। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी शैलजा ने खुद कहा था कि “हम हरियाणा में नहीं जीत पाएंगे क्योंकि हमारे अपने ही नेता पार्टी को हराना चाहते हैं।” इसके अलावा, कांग्रेस के एक पूर्व मंत्री और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने भी माना था कि पार्टी के अंदर समन्वय की कमी है। रिजिजू ने कहा, “जब उनके अपने नेता मान रहे हैं कि हार की वजह पार्टी खुद है, तो राहुल गांधी का यह कहना कि वोट चोरी हुए, कौन मानेगा?”

 

“एग्जिट पोल में हार तो मीडिया पर गुस्सा, जीत तो तालियां”

रिजिजू ने कहा कि लोकतंत्र में जीत और हार दोनों स्वीकार करनी चाहिए। उन्होंने याद दिलाया कि 2004 में जब एग्ज़िट पोल भाजपा और एनडीए के पक्ष में थे, लेकिन नतीजे उल्टे आए, तब भाजपा ने चुनाव आयोग को बधाई दी थी। उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसा, “कांग्रेस जब एग्ज़िट पोल में आगे दिखती है तो खुश होती है, लेकिन जब पीछे होती है तो मीडिया और आयोग पर आरोप लगाती है।”

“कांग्रेस ने अब तक कोई शिकायत दर्ज नहीं की”

रिजिजू ने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अब तक कोई कानूनी शिकायत या याचिका दर्ज नहीं कराई है। उन्होंने कहा, “अगर सच में वोटिंग में गड़बड़ी हुई है तो कांग्रेस अदालत या चुनाव आयोग में शिकायत करे, प्रेस कॉन्फ्रेंस में नहीं।”

 

चुनाव आयोग का जवाब: कोई ठोस सबूत नहीं

चुनाव आयोग के सूत्रों ने बताया कि हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों में से सिर्फ 22 पर याचिकाएँ लंबित हैं, और मतदाता सूची को लेकर किसी पार्टी ने कोई औपचारिक अपील नहीं की। आयोग ने सवाल किया कि अगर कांग्रेस को “डुप्लिकेट वोट” का शक था, तो उसने मतदान के दौरान या एसआईआर प्रक्रिया के वक्त कोई आपत्ति क्यों नहीं दर्ज की। इसके अलावा आयोग ने यह भी बताया कि “हाउस नंबर ज़ीरो” वाली वोटर लिस्ट उन इलाकों की होती है जहाँ नगर निगम या पंचायतों ने घरों को नंबर नहीं दिए हैं, यह कोई धोखाधड़ी नहीं है।

राहुल गांधी का दावा: हरियाणा में 25 लाख फर्जी वोटर

इससे पहले राहुल गांधी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया था कि हरियाणा में आठ में से एक वोटर फर्जी है, यानी करीब 25 लाख वोटर या तो डुप्लिकेट हैं, या मौजूद ही नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उनकी टीम के पास “H फाइल्स” नाम से सबूत हैं कि कैसे हरियाणा में वोटिंग में गड़बड़ी हुई और इससे कांग्रेस को नुकसान हुआ।

भाजपा का जवाब: “हार की जिम्मेदारी खुद लें”

भाजपा नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी हार की असली वजह से ध्यान हटाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि उनके अपने नेता मान चुके हैं कि कांग्रेस की हार की वजह अंदरूनी गुटबाज़ी और कमजोर संगठन है।

Exit mobile version