
पश्चिम बंगाल डेस्क : आरजी कर मेडिकल कॉलेज में छात्रा के साथ रेप जैसी जघन्य अपराध को लोग अभी भूला भी नहीं पाए हैं। इसी बीच अब कोलकाता में एक लॉ की छात्रा के साथ गैंगरेप की घटना सामने आई है। हैरान कर देने वाली बात तो यह है कि इस घटना को कॉलेज कैंपस में ही अंजाम दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दो आरोपी छात्र बताएं जा रहे है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
कॉलेज कैंपस में सुरक्षित नहीं बेटियां
आपको बता दें कि घटना की सबसे चिंताजनक बात यह है कि यह सब कॉलेज कैंपस के भीतर हुआ, जहां छात्राएं खुद को सबसे सुरक्षित मानती हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि छात्रा को बहला-फुसलाकर एक सुनसान स्थान पर ले जाया गया और फिर उसके साथ जबरदस्ती की गई। घटना की शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा।
कोलकाता में पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
यह पहली बार नहीं है जब कोलकाता में किसी छात्रा के साथ ऐसी दरिंदगी की गई है। पिछले साल RG Kar मेडिकल कॉलेज में भी एक छात्रा के साथ रेप के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी। उस मामले में आरोपी संजय रॉय को गिरफ्तार किया गया और अदालत ने उसे उम्रकैद की सजा सुनाई थी, साथ ही ₹50,000 का जुर्माना भी लगाया गया था।
कोर्ट ने नहीं दी मौत की सजा…
हालांकि, उस केस को अदालत ने “रेयरेस्ट ऑफ द रेयर” (सबसे दुर्लभ और घातक) नहीं माना, इसलिए आरोपी को फांसी की सजा नहीं दी गई। कोर्ट ने राज्य सरकार को आदेश दिया था कि पीड़ित परिवार को ₹17 लाख का मुआवजा दिया जाए, लेकिन पीड़ित परिवार ने यह मुआवजा लेने से इनकार कर दिया।
न्याय और सुरक्षा की जरूरत
इन दो मामलों ने फिर एक बार यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या हमारे कॉलेज कैंपस और शिक्षण संस्थान लड़कियों के लिए सुरक्षित हैं? जब ऐसे संस्थानों में ही बेटियों को दरिंदगी का शिकार होना पड़े, तो समाज और प्रशासन दोनों को आत्ममंथन करने की ज़रूरत है। पीड़िता को न्याय मिलना चाहिए और ऐसे मामलों में कड़ी से कड़ी सज़ा देकर यह संदेश देना ज़रूरी है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।