Site icon Dainik Savera Times

Kolkata Rape Case: गैंगरेप से पहले पीड़िता को दिया था इनहेलर, कोलकाता रेप मामले में नए अपडेट्स

Kolkata law student rape case

नेशनल डेस्क : पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के साउथ कलकत्ता लॉ कॉलेज में हुई दरिंदगी के मामले में चौंकाने वाली बातें सामने आ रही हैं। 24 वर्षीय छात्रा के साथ 25 जून को हुए गैंगरेप मामले में सामने आया है कि मुख्य आरोपी मनोजित मिश्रा आपराधिक प्रवृत्ति का था। मामले में पीड़िता की मेडिकल रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज समेत कई सबूत सामने आ चुके हैं।

मामले में कुछ नई बातें सामने आई हैं। पीड़िता के मुताबिक गैंगरेप से पहले उसे सांस लेने में दिक्कतें हुई थीं। मनोजित ने जैब अहमद से इनहेलर लाने को कहा था। पीड़िता को आरोपियों ने इनहेलर दिया तो उसने भागने की कोशिश की थी। मुख्य गेट लॉक होने की वजह से वह ऐसा नहीं कर पाई। पुलिस को मेडिकल स्टोर की फुटेज मिली है। स्टोर मालिक को जैब ने 350 रुपये का भुगतान यूपीआई के जरिए किया था।

सभी आरोपियों की कोर्ट में पेशी

जांच में पीड़िता के शरीर पर चोटों, जबरन संबंध बनाने, काटने आदि के निशान मिले हैं। मनोजित के शरीर पर भी निशान मिले हैं, जिससे पता चलता है कि पीड़िता ने बचने के लिए संघर्ष किया था। पुलिस ने 31 साल के मुख्य आरोपी मनोजित मिश्रा, 19 साल के जैब अहमद, 20 साल के प्रमित मुखर्जी और गार्ड पिनाकी बनर्जी को अलीपुर कोर्ट में पेश किया है।

आरोपियों को 8 जुलाई तक हिरासत में लिया गया है। गार्ड की हिरासत अवधि 4 जुलाई तक बढ़ाई गई है। पुलिस को वारदात में किसी अन्य के शामिल होने का भी शक है। अभी मामले की जांच जारी है। मनोजित मिश्रा टीएमसी संगठन का पदाधिकारी रह चुका है।

कई छात्राओं से कर चुका गलत हरकत

उसके खिलाफ पहले भी मामले दर्ज हो चुके हैं। आरोपों के अनुसार वह 15 छात्राओं के साथ गलत हरकतें कर चुका है। कई मामलों में पुलिस को शिकायत ही नहीं दी गई। फिलहाल कॉलेज में उसकी अस्थायी नौकरी को समाप्त कर दिया गया है। जैब अहमद व प्रमित मुखर्जी को कॉलेज से निकाल दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक कॉलेज में वारदात के दिन शाम के बाद लगभग 16 लोग मौजूद थे। पुलिस को वारदात की एक वीडियो क्लिप भी मिली है।

Exit mobile version