Site icon Dainik Savera Times

एक छात्र नेता, दो अन्य स्टूडेंट… कलकत्ता लॉ कॉलेज में छात्रा से दरिंदगी करने वाले आरोपी कौन?

Kolkata Crime News

नेशनल डेस्क : पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के दक्षिणी इलाके में पड़ता साउथ लॉ कॉलेज गैंगरेप का मामला सामने आने के बाद देशभर में सुर्खियों में है। बता दें कि यहां पर 25 जून की रात को एक युवती के साथ तीन आरोपियों ने गैंगरेप किया था। युवती के बयानों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है। तीनों में से एक आरोपी पहले छात्र नेता रह चुका है। वहीं, दो आरोपी मौजूदा छात्र हैं। तीनों की प्रोफाइल के बारे में विस्तार से जानते हैं।

मुख्य आरोपी मनोजीत मिश्रा

31 साल का यह आरोपी साउथ कलकत्ता लॉ कॉलेज यूनिट का पूर्व अध्यक्ष रह चुका है। मनोजीत पहले इसी कॉलेज का स्टूडेंट रहा है। उसका संबंध एक मध्यमवर्गीय बंगाली परिवार से है। छात्र राजनीति में वह तृणमूल कांग्रेस छात्र परिषद (TMCP) से जुड़ गया था, जो एक दशक तक सक्रिय रहा। कॉलेज परिसर में उसका दबदबा रहा है। यूनियन विवादों में उसके ऊपर धमकियां देने और दबाव बनाने जैसे आरोप लग चुके हैं।

हालांकि उसके खिलाफ कोई पुलिस शिकायत नहीं हुई है। पढ़ाई पूरी होने के बाद भी वह छात्रों पर प्रभाव दिखाने के लिए कॉलेज आता रहा है। मनोजीत को पुलिस ने 26 जून की शाम को तालबगान क्रॉसिंग के पास स्थित सिद्धार्थ शंकर राय शिशु उद्यान से अरेस्ट किया है। पुलिस को उसके पास से मोबाइल मिला है।

जैब अहमद साधारण परिवार से

दूसरे आरोपी का नाम जैब अहमद है, जो 19 साल का है। इसी कॉलेज में आरोपी फर्स्ट ईयर का स्टूडेंट है। वह साधारण परिवार से आता है। वह यूनियन का मेंबर भी है, उसे शांत स्वभाव का माना जाता है। उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। यूनियन की गतिविधियों के दौरान ही वह मनोजीत मिश्रा से मिला था। धीरे-धीरे उसका करीबी बन गया। पुलिस ने उसके कब्जे से भी मोबाइल रिकवर किया है।

तीसरा आरोपी प्रमित मुखर्जी

तीसरे आरोपी का नाम प्रमित मुखर्जी उर्फ प्रमित मुखोपाध्याय है, जो 20 साल का है। वह इसी कॉलेज का स्टूडेंट है और सेकेंड ईयर में पढ़ाई करता है। वह निम्न मध्यमवर्गीय बंगाली परिवार से आता है, उसकी राजनीति में कोई रूचि नहीं है। उसे शांत स्वभाव का माना जाता है, जिसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड भी नहीं है। वह मनोजीत और जैब के साथ अधिकतर रहता था। उसे 27 जून की रात को घर से अरेस्ट किया गया है। पुलिस ने उसके पास से भी मोबाइल रिकवर किया है।

Exit mobile version