नेशनल डेस्क : पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के बालीगंज स्थित लॉ कॉलेज में हुए गैंगरेप के मामले में कई चौंकाने वाली बातें पुलिस को पता लगी हैं। छात्रा के साथ दो सीनियर छात्रों के अलावा संस्थान के ही एक पूर्व छात्र ने सामूहिक दुष्कर्म किया। इस दौरान पीड़िता के साथ दरिंदगी की सभी हदें पार कर दी गईं। हालांकि पुलिस वारदात में शामिल तीनों आरोपियों को अरेस्ट कर चुकी है।
आरोपियों की पहचान मनोजित मिश्रा, प्रमित मुखोपाध्याय व जेब अहमद के तौर पर हुई है। मनोचित मुख्य आरोपी है, जो तृणमूल कांग्रेस का कार्यकर्ता है। वह कॉलेज में अस्थायी कर्मी के तौर पर तैनात है। प्रमित और जेब कॉलेज में थर्ड ईयर के स्टूडेंट हैं। पीड़िता ने बताया कि उसने आरोपियों के पैर तक पकड़े, लेकिन उन्होंने नहीं छोड़ा।
मेडिकल रिपोर्ट में पुष्टि
वारदात की मेडिकल रिपोर्ट भी सामने आ गई है। रिपोर्ट में पीड़िता के सभी दावों की पुष्टि हुई है। पीड़िता के शरीर पर दांतों से काटे जाने, नाखूनों से खरोंचने, नोचे जाने और जबरन रेप के सबूत मिले हैं। पीड़िता के अनुसार वह 25 जून को 12 बजे कॉलेज में फॉर्म भरने गई थी, मनोजित ने उसे शाम 6 बजे तक रुकने के लिए कहा था।
शादी का प्रस्ताव रखा
शाम को उसने यूनियन रूम में ले जाकर छेड़छाड़ की। विरोध करने पर शादी करने का प्रस्ताव रखा। उसने इनकार कर दिया और कॉलेज गेट से बाहर आने की कोशिश की। मनोजित ने गार्ड्स को गेट बंद करने को कहा। इसके बाद वह पीड़िता को गार्ड्स के कमरे में ले गया और रेप किया।
वीडियो बनाकर दी धमकी
गार्ड्स आए तो उनको भगा दिया गया। इसके बाद दूसरे आरोपी आए और उसका वीडियो बनाया। इसके बाद वीडियो को वायरल करने, माता-पिता और प्रेमी को मार देने की धमकी देकर रेप किया। उसे हॉकी स्टिक से भी मारा। इसके बाद अगले दिन थाने में शिकायत दी। पुलिस ने आरोपियों को अलीपुर कोर्ट में पेश कर 4 दिन के रिमांड पर लिया है।

