नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF जवानों पर हुए आतंकी हमले को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने इस हमले के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सवाल किया कि साल 2019 में आर्टिकल 370 हटाने के बाद भी जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी घटनाएं क्यों हो रही हैं? उन्होंने कहा कि उस समय सरकार ने दावा किया था कि आर्टिकल 370 हटने से आतंकवाद पूरी तरह खत्म हो जाएगा, लेकिन सात साल बाद भी ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं।
पवन खेड़ा ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कुलगाम के मीर बाजार में हुए हमले को बेहद चिंताजनक बताया। उन्होंने हमले में घायल CRPF जवानों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से 2019 में किए गए आतंकवाद खत्म करने के दावों पर जवाब मांगा।
पवन खेड़ा ने अमित शाह से पूछे सवाल
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने अपनी पोस्ट में लिखा कि कुलगाम के मीर बाजार में CRPF जवानों पर हुए हमले की खबर परेशान करने वाली है। इस हमले में घायल जवानों के जल्द ठीक होने की कामना करते हुए उन्होंने कहा कि देश से आतंकवाद और हिंसा का खतरा हमेशा के लिए खत्म होना चाहिए।
उन्होंने आगे सवाल उठाया कि 2019 में जब केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाया था, तब गृह मंत्री अमित शाह ने दावा किया था कि इससे आतंकवाद पूरी तरह समाप्त हो जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस फैसले का समर्थन किया था। खेड़ा ने कहा कि अब सात साल बाद भी कुलगाम जैसे इलाकों में सुरक्षाबलों पर हमले हो रहे हैं। ऐसे में सरकार को बताना चाहिए कि आतंकवाद खत्म करने के लिए किए गए वादों का क्या हुआ।
‘क्या अमित शाह उस समय झूठ बोल रहे थे?’
पवन खेड़ा ने गृह मंत्री अमित शाह की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि आर्टिकल 370 हटाने का फैसला आतंकवाद खत्म करने के उद्देश्य से लिया गया था, लेकिन मौजूदा घटनाएं सरकार के दावों पर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, “क्या वह उस समय झूठ बोल रहे थे या उसके बाद उनका प्रदर्शन खराब रहा है?” खेड़ा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद को रोकने के अपने घोषित उद्देश्य को पूरा नहीं कर पाई है। उन्होंने यह भी कहा कि गृह मंत्री को 2019 में किए गए वादों को लेकर देश को जवाब देना चाहिए।
कुलगाम में नाके पर तैनात CRPF जवानों पर हुई फायरिंग
दरअसल, बुधवार दोपहर जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकवादियों ने सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाया। जानकारी के मुताबिक, मीर बाजार इलाके में एक सुरक्षा नाके पर तैनात CRPF जवानों पर मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी की। यह घटना दोपहर करीब 2:15 बजे हुई। हमलावरों ने नाके पर मौजूद जवानों पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद वे मौके से फरार हो गए। CRPF की ओर से जारी बयान के मुताबिक, कुलगाम में CRPF के नाके पर गोलीबारी की घटना हुई, जिसमें तीन जवान घायल हुए हैं। हमलावरों की तलाश के लिए सुरक्षा बलों ने अभियान शुरू कर दिया है। घायल जवानों को बेहतर इलाज दिया जा रहा है।
दो जवानों को मामूली चोट, तीसरे की हालत थोड़ी गंभीर
अधिकारियों के मुताबिक, घायल CRPF जवानों को इलाज के लिए अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) में भर्ती कराया गया है। तीन घायल जवानों में से दो को मामूली चोटें आई हैं, जबकि तीसरे जवान की हालत अपेक्षाकृत गंभीर बताई गई है। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, जिस जगह CRPF के जवानों पर हमला हुआ, वह नेशनल हाईवे से करीब चार किलोमीटर दूर है।
हमलावरों की तलाश में सुरक्षा एजेंसियां जुटीं
हमले के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सुरक्षाबल हमलावरों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चला रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था और आतंकवाद के खतरे को लेकर राजनीतिक बहस तेज कर दी है। जहां कांग्रेस ने इस हमले को लेकर केंद्र सरकार से सवाल पूछे हैं, वहीं सुरक्षा एजेंसियां हमलावरों को पकड़ने और इलाके में शांति बनाए रखने के लिए कार्रवाई कर रही हैं।

