Kush Maini created history : भारतीय मोटरस्पोर्ट्स प्रेमियों के लिए गर्व का पल उस वक्त आया जब कुश मैनी ने मोनाको ग्रां प्री में फॉर्मूला 2 स्प्रिंट रेस जीतकर नया इतिहास रच दिया। यह पहली बार था जब F2 रेस के पोडियम पर भारत का राष्ट्रीय गान ‘जन गण मन’ गूंजा। मैनी ने न सिर्फ इस प्रतिष्ठित ट्रैक पर जीत दर्ज की, बल्कि यह उनके करियर की पहली F2 जीत और पहला पोडियम फिनिश भी रहा।
DAMS लुकास ऑइल टीम के लिए ऐतिहासिक प्रदर्शन
डैम्स लुकास ऑइल (DAMS Lucas Oil) टीम के लिए रेस करते हुए कुश मैनी ने पोल पोजिशन से शुरुआत की और रेस के हर चरण में बेहतरीन नियंत्रण व रणनीति का प्रदर्शन किया। BWT अल्पाइन F1 टीम के रिजर्व ड्राइवर मैनी ने रिवर्स ग्रिड नियम का लाभ उठाते हुए शुरुआत से ही बढ़त बनाई और अंत तक अपनी स्थिति बरकरार रखी।
रेस के बाद एक भावुक प्रतिक्रिया में मैनी ने कहा, “मोनाको जैसे प्रतिष्ठित ट्रैक पर जीतना किसी सपने के सच होने जैसा है। मैं अपनी टीम, अपने परिवार और उन सभी समर्थकों का आभारी हूं जिन्होंने मेरे सफर में साथ दिया।”
गौतम सिंघानिया ने दी बधाई, भारतीय उद्योग जगत की भूमिका भी अहम
रेस के बाद पिट लेन में भारतीय उद्योगपति और मोटरस्पोर्ट्स प्रमोटर गौतम सिंघानिया ने कुश मैनी को गले लगाकर बधाई दी। सिंघानिया की जेके रेसिंग और टीवीएस रेसिंग जैसी पहलें शुरू से ही मैनी के करियर में सहयोग देती रही हैं।
अब नजरें फीचर रेस और बार्सिलोना ग्रां प्री पर
इस शानदार जीत के बाद अब मैनी रविवार को मोनाको में ही होने वाली फीचर रेस में भाग लेंगे, जिसके बाद वह बार्सिलोना ग्रां प्री की चुनौती के लिए तैयार होंगे। भारतीय रेसिंग समुदाय अब उम्मीद लगाए बैठा है कि यह ऐतिहासिक जीत कुश मैनी के करियर की नई ऊंचाइयों की शुरुआत है। भारत के रेसिंग इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ चुका है और इसका नाम है कुश मैनी।
INDIAN NATIONAL ANTHEM IN MONACO 🫡#KushMaini has made history – becoming the first Indian to win an F2 race at Monte Carlo 🇮🇳
With a flawless lights-to-flag drive, he clinched victory in the F2 Sprint for DAMS Lucas Oil on the iconic streets of Monaco. 👑
#MonacoGP #F2 pic.twitter.com/nyFUM9FYuV
— FanCode (@FanCode) May 24, 2025

