Last Updated: October 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

क्रिकेट जगत को बड़ा झटका… 29 साल की उम्र में इस दिग्गज खिलाड़ी ने लिया इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास, लिखा भावुक नोट

June 10, 2025

क्रिकेट जगत को बड़ा झटका… 29 साल की उम्र में इस दिग्गज खिलाड़ी ने लिया इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास, लिखा भावुक नोट
Nicholas Pooran Retirement : मौजूदा क्रिकेट जगत में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से विरोधी टीमों में खलबली मचाने वाले निकोलस पूरन ने 29 वर्ष की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। वेस्टइंडीज़ के इस फैसले ने फैंस और क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया है। बता दें कि पूरन का संन्यास निश्चित रूप से विश्व क्रिकेट के लिए एक बड़ा नुकसान माना जा रहा है। दरअसल पूरन ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक भावुक नोट शेयर कर इस खबर की पुष्टि की।

वर्ल्ड क्लास बल्लेबाज़ और गेम चेंजर

निकोलस पूरन ने अपने करियर में ऐसे कई लम्हे दिए हैं जो क्रिकेट प्रेमियों के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगे। वे न केवल टी-20 इंटरनेशनल में वेस्टइंडीज़ की ओर से सबसे ज़्यादा मैच (106) खेलने वाले खिलाड़ी हैं, बल्कि उन्होंने 2275 रन बनाकर खुद को टी20 में वेस्टइंडीज़ का टॉप रन स्कोरर भी बना लिया है।उन्होंने टी20 फॉर्मेट में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से कई मैचों का रुख पलट कर यह साबित किया कि वह एक सच्चे गेम चेंजर हैं। वनडे में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा, जहां उन्होंने 3 शतक और 11 अर्धशतक की मदद से लगभग 2,000 रन बनाए।

वेस्टइंडीज़ क्रिकेट पर छोड़ी गहरी छाप

पूरन का योगदान सिर्फ रन बनाने तक सीमित नहीं रहा, उन्होंने अपने नेतृत्व, मैच फिनिशिंग एबिलिटी और टीम में जोश भरने वाली उपस्थिति से वेस्टइंडीज़ क्रिकेट पर एक स्थायी प्रभाव डाला है। वे युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत भी बने रहे।

निकोलस पूरन ने इंस्टाग्राम पर लिखा भावुक नोट

निकोलस पूरन ने सोशल मीडिया के इंस्टाग्राम पर लिखा, “यह खेल, जिससे हम प्यार करते हैं, उसने मुझे अनगिनत खुशियाँ दी हैं। वेस्टइंडीज की जर्सी पहनना, मैदान पर राष्ट्रगान के लिए खड़ा होना और हर बार अपनी पूरी जान लगाकर खेलना यह सब मेरे लिए शब्दों से परे है। कप्तानी करना मेरे करियर का सबसे बड़ा सम्मान रहा है। सोच-समझकर, चिंतन के बाद भारी मन से मैंने यह निर्णय लिया है कि अब इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहने का समय आ गया है।”

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Nicholas Pooran (@nicholaspooran)

बता दें कि पूरन ने आगे कहा, “आप सभी फैंस का दिल से धन्यवाद आपने हमेशा मेरा साथ दिया, चाहे अच्छे पल हों या बुरे। मेरे परिवार, दोस्तों और साथी खिलाड़ियों के सहयोग के बिना यह सफर मुमकिन नहीं होता। भले ही मेरा इंटरनेशनल करियर अब समाप्त हो गया है, लेकिन वेस्टइंडीज़ क्रिकेट के लिए मेरा प्यार कभी खत्म नहीं होगा।”

पूरन का इंटरनेशनल करियर एक नजर में

टी20 इंटरनेशनल डेब्यू: 2016
वनडे डेब्यू: 2019
टेस्ट क्रिकेट: नहीं खेले
वनडे मैच: 61
वनडे रन: 1983 रन
वनडे शतक: 3 | अर्धशतक: 11
टी20 मैच: 106
टी20 रन: 2275 रन
टी20 अर्धशतक: 13
आखिरी इंटरनेशनल मैच: 19 दिसंबर 2024, बनाम बांग्लादेश (T20I)

क्रिकेट जगत की प्रतिक्रिया

पूरन के इस फैसले पर क्रिकेट प्रेमियों और दिग्गजों ने हैरानी जताई है। सोशल मीडिया पर फैंस ने उनके बेहतरीन करियर के लिए शुभकामनाएं दी हैं और भविष्य के लिए सफलता की कामना की है। माना जा रहा है कि निकोलस पूरन अब फ्रेंचाइज़ी क्रिकेट पर फोकस करेंगे, जहां उनकी विस्फोटक बल्लेबाज़ी की खास मांग रहती है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें