भिंड (मध्य प्रदेश): मध्य प्रदेश के भिंड शहर में एक हैरान करने वाला हादसा सामने आया है। यहां एक मकान के कमरे का फर्श अचानक धंस गया और कमरे में मौजूद 45 वर्षीय महिला पलंग समेत करीब 15 से 16 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी। महिला उस समय पलंग की चादर बदल रही थी। हादसे में उन्हें चोटें आई हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गनीमत रही कि इस घटना में महिला की जान बच गई।
हादसा शहर की गर्ल्स स्कूल वाली गली में बुधवार रात करीब 9:15 बजे हुआ। मकान मालिक पंडित अनुराग मिश्रा के मुताबिक, निशि मिश्रा कमरे में पलंग की चादर बदल रही थीं। तभी अचानक कमरे का फर्श भरभराकर नीचे धंस गया। महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वह पलंग के साथ जमीन के नीचे जा गिरीं।
घर लौटे परिजनों के उड़े होश, गड्ढे में मिली महिला
जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त परिवार के बाकी सदस्य एक निमंत्रण में शामिल होने के लिए घर से बाहर गए हुए थे। जब वे वापस लौटे तो कमरे की हालत देखकर हैरान रह गए। कमरे का फर्श पूरी तरह धंस चुका था और वहां करीब 15 से 16 फीट गहरा गड्ढा बन गया था। इसके बाद निशि के छोटे भाई अनूप मिश्रा और आसपास के लोगों ने उन्हें बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। लोगों ने सीढ़ी की मदद से काफी मशक्कत की और आखिरकार महिला को गड्ढे से बाहर निकाल लिया। हादसे में महिला को चोटें आई हैं। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
मकान के नीचे मिली सिंधिया स्टेट के समय की पुरानी खंती
इस घटना का सबसे हैरान करने वाला पहलू मकान के नीचे मौजूद पुरानी संरचना है। मकान मालिक अनुराग मिश्रा के मुताबिक, जिस जगह कमरे का फर्श धंसा है, वहां सिंधिया स्टेट के शासनकाल में कचहरी संचालित होती थी। उन्होंने बताया कि उनके परदादा पंडित मदन मोहन मिश्रा उस समय ऑनरेरी मजिस्ट्रेट थे। इसके साथ ही वे वनखंडेश्वर महादेव मंदिर के माफीदार पुजारी भी थे। अनुराग मिश्रा के अनुसार, उस दौर में आसपास के इलाकों से कर वसूली और अनाज जमा करने की जिम्मेदारी उनके परदादा के पास थी। वसूले गए अनाज को सुरक्षित रखने के लिए जमीन के नीचे एक बड़ी खंती बनाई गई थी। इसी जगह पर कचहरी भी लगती थी।
1980 में खंती बंद करके बनाया गया था मकान
मकान मालिक ने बताया कि समय बीतने के साथ पुरानी खंती को बंद कर दिया गया और उसके ऊपर मकान बना दिया गया। साल 1980 में उनके पिता और चाचा ने पुराने मकान का दोबारा निर्माण कराया था। इसी दौरान जमीन के नीचे मौजूद अनाज रखने वाली खंती को बंद कर दिया गया था। अनुराग मिश्रा का अनुमान है कि लंबे समय तक पानी का रिसाव होने के कारण जमीन के नीचे की मिट्टी धीरे-धीरे खिसकती और बहती रही। इससे खंती के अंदर खाली जगह बढ़ती गई और ऊपर बने मकान की नींव कमजोर होती चली गई।

