Site icon Dainik Savera Times

Maharashtra: गढ़चिरौली में सुरक्षाबलों से मुठभेड़ में 4 नक्सली ढेर, तीन महिलाएं शामिल

नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में बुधवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में चार नक्सली मारे गए, जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं। यह घटना गढ़चिरौली और छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले की सीमा के पास हुई। पुलिस ने बताया कि यह मुठभेड़ गट्टा दलम कंपनी नंबर 10 और गढ़चिरौली डिवीजन के नक्सलियों के खिलाफ एक खुफिया जानकारी के आधार पर की गई थी।

विश्वसनीय सूचना के बाद शुरू की कार्रवाई

पुलिस को 25 अगस्त को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि नक्सली कोपरशी वन क्षेत्र में सक्रिय हैं। इसके बाद सुरक्षाबलों ने वहां घेराबंदी की और गढ़चिरौली पुलिस की एंटी नक्सल कमांडो फोर्स (सी-60) की 19 टुकड़ियां और सीआरपीएफ की दो क्विक एक्शन टीमों को भेजा गया। मूसलधार बारिश के बावजूद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के नेतृत्व में टीम बुधवार सुबह उस क्षेत्र में पहुंची।

 8 घंटे तक चली मुठभेड़

तलाशी अभियान के दौरान नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू की, जिसका जवाब सुरक्षाबलों ने दिया। यह मुठभेड़ लगभग आठ घंटे तक चलती रही। अंत में तीन महिलाओं और एक पुरुष नक्सली का शव बरामद किया गया। मौके से एक एसएलआर राइफल, दो इंसास राइफल और एक .303 राइफल भी बरामद हुई। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अन्य नक्सलियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।

Exit mobile version