पंजाब डेस्कः फतेहगढ़ साहिब जिले में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया है। जहां गांव मैन माजरी के पास श्रद्धालुओं से भरी एक बस अचानक पलट गई, जिससे मौके पर ही 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, बस में लगभग 40 श्रद्धालु सवार थे, जो आनंदपुर साहिब से दर्शन करके लौट रहे थे। सभी श्रद्धालु वैसाखी के अवसर पर धार्मिक स्थलों पर माथा टेकने गए थे और वापसी के दौरान यह हादसा हो गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। ये हादसा काफी भीषण हुआ, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बिजली के खंभे से टकराई बस
मिली जानकारी के अनुसार, बस पहले एक बिजली के खंभे से टकराई और फिर पलट गई। दुर्घटना किसी तकनीकी खराबी के कारण हुई या किसी अन्य कारण से, इसकी जांच अभी जारी है।