Major action by STF and Delhi Special Cell: बुधवार देर रात उत्तर प्रदेश एसटीएफ और दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की संयुक्त टीम को हापुड़ जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में बड़ी सफलता हाथ लगी। दोनों टीमों की संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक बदमाश से मुठभेड़ हुई, जिसमें बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक बदमाश गैंग के लिए शार्प शूटर का करता था काम
मृतक बदमाश की पहचान नवीन कुमार (पुत्र सेवा राम, निवासी लोनी, गाजियाबाद) के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार नवीन दिल्ली के थाना फर्श बाजार क्षेत्र में दर्ज हत्या और मकोका जैसे संगीन मामलों में वांछित था। यह भी पता चला है कि वह बदमाश गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सक्रिय सदस्य था और गैंग के लिए शार्प शूटर का काम करता था। नवीन लॉरेंस बिश्नोई के करीबी और शातिर अपराधी हाशिम बाबा के साथ मिलकर अक्सर अपराध करता था।
डकैती और मकोका समेत करीब 20 संगीन आपराधिक मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार नवीन पर दिल्ली और उत्तर प्रदेश में हत्या, हत्या का प्रयास, अपहरण, डकैती और मकोका समेत करीब 20 संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके अलावा उसे दिल्ली की अदालतों ने दो मामलों में दोषी भी ठहराया था। एसटीएफ और स्पेशल सेल को नवीन की लोकेशन के बारे में गोपनीय जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर उसे गिरफ्तार करने की कार्रवाई की गई।
लेकिन खुद को घिरा पाकर उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में नवीन घायल हो गया। पुलिस ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मुठभेड़ के बाद पुलिस अधिकारियों ने इसे लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के नेटवर्क का भंडाफोड़ करने में बड़ी सफलता बताया है। एसटीएफ और दिल्ली स्पेशल सेल अब गिरोह के और सदस्यों की तलाश कर रही है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...