Militant arrested in Manipur : पुलिस ने मंगलवार को बताया कि मणिपुर में सुरक्षा बलों ने इंफाल ईस्ट और थौबल जिलों में जबरन वसूली की गतिविधियों में शामिल विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों के तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है।
सुरक्षा बलों ने किया तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सोमवार को इंफाल ईस्ट जिले के खुरई कोंगपाल इलाके से प्रतिबंधित यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (पी) के एक सक्रिय कैडर को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया, “उग्रवादी पर घाटी के इलाकों में भूमि विवाद, महिलाओं के खिलाफ अपराध और ऋण राशि की वसूली से संबंधित मामलों में ‘कंगारू अदालतों’ के जरिए अवैध रूप से मुद्दों को निपटाने का आरोप है।”
अधिकारी ने बताया कि रविवार को थौबल जिले के लिरोंगथेल पित्रा इलाके से प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्ल्यूजी) के एक सक्रिय कैडर को भी गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि उग्रवादी कथित तौर पर जबरन वसूली, अपहरण और संगठन के लिए नए कैडर की भर्ती में शामिल था।
जबरन वसूली, लोगों को धमकाने और अपहरण का भी आरोप
प्रतिबंधित प्रपाक (प्रो) के एक सक्रिय सदस्य को सोमवार को थौबल जिले के चरंगपत ममांग लिकाई इलाके से गिरफ्तार किया गया। उन पर थौबल में जबरन वसूली, लोगों को धमकाने और अपहरण का भी आरोप है। दो साल पहले सांप्रदायिक हिंसा भड़कने के बाद से सुरक्षा बल मणिपुर में तलाशी अभियान चला रहे हैं। मई 2023 से मैतेई और कुकी-जो समूहों के बीच सांप्रदायिक हिंसा में 260 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग विस्थापित हुए हैं।

