Site icon Dainik Savera Times

शिमला में बड़ा सड़क हादसा, सेब की बोरियों से लदा ट्रक पलटा, दो घायल

हिमाचल डेस्क. हिमाचल की राजधानी शिमला से एक बड़े सड़क हादसे की खबर है, जहां निगम विहार के पास सेब की बोरियों से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ट्रक के चालक और परिचालक जख्मी हो गए, जिन्हें इलाज के लिए इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती करवाया गया। डॉक्टरों का कहना है कि चालक की हालत नाजुक है।

जानकारी के अनुसार, हरियाणा नंबर का यह ट्रक नारकंडा की ओर से सेब की सैंकड़ों बोरियां लोड करके आ रहा था। सुबह 5 बजे जब ट्रक निगम विहार के पास पहुंचा तो अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण ट्रक सड़क से नीचे लुढ़क कर मंदिर परिसर में पलट गया। पलटने के कारण ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ट्रक में लदी सेब की बोरियां भी इधर-उधर बिखर गईं। गनीमत रही कि ट्रक मंदिर परिसर में लगे पेड़ाें से अटक गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

हादसे पता चलते ही स्थानीय लोग और पास से गुजर रहे वाहन चालक तुरंत मदद के लिए आ गए। पुलिस और बचाव दल भी फौरन मौके पर पहुंचे। लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर बड़ी मुश्किल से दोनों घायलों को ट्रक से बाहर निकाला। उन्हें फौरन 108 एंबुलेंस के जरिए आईजीएससी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि परिचालक की हालत स्थिर है, लेकिन गंभीर चोटें आने के कारण चालक की हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं पुलिस द्वारा हादसे के कारणाें का पता लगाया जा रहा है।

ये भी पढ़ें: JDU में शामिल हुए निशांत, कहा- पार्टी और जनता के विश्वास पर खरा उतरने की कोशिश करूंगा

Exit mobile version