नेशनल डेस्क: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी वोट बैंक की राजनीति के चलते राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ का विरोध कर रही हैं और इसके लिए बंगाल की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।
बागडोगरा में बीजेपी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि जब संसद में वंदे मातरम पर चर्चा हो रही थी, तब तृणमूल कांग्रेस के सांसदों ने इसका विरोध किया, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।अमित शाह ने बताया कि उन्होंने खुद एक TMC सांसद से पूछा कि वंदे मातरम का विरोध क्यों किया जा रहा है। इस पर सांसद ने कहा कि पार्टी के वोट बैंक, खासकर घुसपैठिए, वंदे मातरम से नाराज हो जाते हैं। इसी वजह से पार्टी इसका विरोध करती है।
अमित शाह ने कहा, “शर्म करो ममता बनर्जी। तुम सिर्फ वोट बैंक की राजनीति के लिए वंदे मातरम का विरोध कर रही हो। बंगाल के लोग इसे कभी माफ नहीं करेंगे और 2026 के विधानसभा चुनाव में इसका करारा जवाब देंगे।” इसके साथ ही अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी ममता सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं और मुख्यमंत्री उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह नाकाम रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के एक आदिवासी सांसद पर हमला किया गया और पार्टी के कई नेताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि विपक्ष को दबाया जा सके। अमित शाह ने कहा, “आज बंगाल में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। हमारी पार्टी के नेताओं को झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है। अब समय आ गया है कि बंगाल की जनता TMC को सत्ता से हटाकर बदलाव लाए।” उन्होंने यह भी दावा किया कि बंगाल में बीजेपी का वोट शेयर लगातार बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के कई राज्यों में बीजेपी सरकार बनने का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि बंगाल में भी बदलाव तय है। अमित शाह ने कहा, “नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद बीजेपी ने त्रिपुरा, असम जैसे राज्यों में सरकार बनाई। इसी तरह बंगाल में भी बीजेपी का वोट शेयर चार गुना बढ़ा है। साफ है कि यहां परिवर्तन आ रहा है।”
मेष: दिन शुभ रहेगा...