Dainik Savera Times

ममता हुई शर्मसार… फुटपाथ पर मिली 3 दिन की मासूम, पास से चिट्ठी हुई बरामद, लिखी ये बड़ी बात

Child found on the footpath : पनवेल : महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के पनवेल स्थित तक्का गांव से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। आपको बता दें कि शनिवार सुबह यहां फुटपाथ पर रखी एक बॉस्केट से दुधमुंही बच्ची बरामद हुई है, जिसकी उम्र महज दो से तीन दिन बताई जा रही है। वहीं बच्ची के पास एक भावुक चिट्ठी भी मिली है, जिसमें लिखा गया था कि माता-पिता आर्थिक और मानसिक मजबूरी के चलते बच्ची की परवरिश नहीं कर सकते, इसलिए उसे छोड़ रहे हैं।

बॉस्केट से आ रही थी बच्ची के रोने की आवाज

स्थानीय लोगों के अनुसार, शनिवार सुबह राहगीरों को सड़क किनारे एक बॉस्केट से बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। जब उन्होंने पास जाकर देखा, तो उस बॉस्केट में एक नवजात बच्ची पड़ी थी। तुरंत ही लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

बच्ची की हालत स्थिर, अस्पताल में चल रही देखभाल

मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को अपने संरक्षण में लेकर पनवेल के उपजिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी जांच के बाद बताया कि बच्ची पूरी तरह से स्वस्थ है। फिलहाल बच्ची को अस्पताल में ही रखा गया है और रायगढ़ जिला प्रशासन को उसके संरक्षण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

बच्ची के पास से मिला चिट्ठी

इस बच्ची के साथ एक चिट्ठी भी मिली है, जिसमें इंग्लिश में लिखा, कि “सर, हमें माफ कीजिए, हमारे पास दूसरा कोई विकल्प नहीं था। इसलिए हम इस बच्ची को छोड़ रहे हैं। हम आर्थिक और मानसिक रूप से इसके पालन-पोषण में सक्षम नहीं हैं। कृपया इस मामले में किसी भी व्यक्ति को शामिल न करें। हम नहीं चाहते कि हमारा बच्चा भी उसी परिस्थिति से गुजरे जिससे हम गुजर रहे हैं। कृपया इसका ख्याल रखिए, हम इसके आसपास ही हैं।”

पुलिस ने शुरू की जांच, माता-पिता की तलाश जारी

पनवेल पुलिस ने बच्ची के अज्ञात माता-पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उन्हें तलाशने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि यह एक गंभीर सामाजिक मामला है और बच्ची की सुरक्षा तथा भविष्य को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जाएगी।

Exit mobile version