Manipur Police : मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस की टीम को विभिन्न अभियानों में बड़ी सफलता मिली है। सुरक्षा बलों और पुलिस ने संयुक्त अभियान के दौरान भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और संदिग्ध सामग्री बरामद की है। इसके अलावा, विभिन्न मामलों में कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।
भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद किए बरामद
मणिपुर पुलिस के अनुसार, सुरक्षा बलों ने 9 जुलाई को बिष्णुपुर जिले के मोइरांग पुलिस स्टेशन के अंतर्गत उयुंगमाखोंग इलाके में तलाशी और क्षेत्र नियंत्रण अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान एक एके-56 राइफल (खाली मैगजीन के साथ), एक .303 राइफल (खाली मैगजीन के साथ), एक डबल बैरल बंदूक (डीबीबीएल), .303 के 10 ज़िंदा कारतूस और 7.62 मिमी के 10 ज़िंदा कारतूस बरामद किए गए।
सुरक्षा बलों ने इलाके में चलाया तलाशी अभियान
इसके अलावा, सुरक्षा बलों ने 9 जुलाई को फोगाकाचाओ यूनिट पुलिस स्टेशन के अंतर्गत डोपकोन और नगनुकोन गाँवों के बीच के इलाके में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान, एक .303 लाइट मशीन गन (एलएमजी), दो सिंगल बैरल बंदूकें, एक .303 खाली मैगज़ीन, 12 बोर के सात ज़िंदा कारतूस और लगभग 3.9 किलोग्राम वजन के चार आईईडी बरामद किए गए। मणिपुर पुलिस ने बताया कि पुलिस और सीआरपीएफ की एक संयुक्त टीम ने हेरोइन और ब्राउन शुगर बरामद की है।
मामले में आगे की जाँच जारी
मणिपुर पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई को मणिपुर पुलिस और सीआरपीएफ की एक संयुक्त टीम ने चुराचांदपुर से कांगपोकपी की ओर आ रहे एक चार पहिया वाहन को तुपुल पुल पर रोका। वाहन की तलाशी के दौरान, 2.193 किलोग्राम वजन के 196 साबुन के डिब्बों में संदिग्ध हेरोइन और ब्राउन शुगर बरामद की गई। वाहन सवार, गिनमिनलेन हाओकिप (24 वर्ष) और होल्मिनलेन खोंगसाई (30 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में आगे की जाँच जारी है।
इससे पहले, 4 जुलाई को मणिपुर पुलिस, असम राइफल्स, भारतीय सेना और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) की संयुक्त टीमों ने मणिपुर के चार पहाड़ी जिलों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया था। इस अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद किए थे।
मेष: दिन शुभ रहेगा...