
हिमाचल डेस्क. मणिकर्ण घाटी में कसोल के पास स्थित कटागला गांव में सुबह रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई, जिसमें लगभग 30 लाख रुपये का वित्तीय नुकसान हो गया हालांकि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 5 बजे हुआ, जब रेस्टोरेंट में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस घटना में रेस्टोरेंट में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। आग की लपटें देख आस-पास के लोगों की नींद खुल गई और करीब एक घंटे तक पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
दमकल टीम और स्थानीय लोगों ने बुझाई आग
आग लगने की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई। दमकल की टीम मौके पर पहुंची और उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आग पर काबू पाया। रेस्टोरेंट जिस होटल का हिस्सा था, उसमें कोई भी पर्यटक नहीं ठहरा था, इसलिए कोई बड़ा हादसा टल गया।
जांच के आदेश
नायब तहसीलदार जरी हेमराज शर्मा ने घटनास्थल का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने इस बात की पुष्टि की है कि आग से जान का कोई नुकसान नहीं हुआ है। फिलहाल आग लगने के असली कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रशासन ने हलका पटवारी को नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया है ताकि प्रभावितों को उचित सहायता मिल सके। इस घटना से पर्यटन स्थल कटागला के व्यापारिक समुदाय में चिंता का माहौल है।