Last Updated: October 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

बड़ा हादसा टला : पेंट फैक्ट्री में लगी भीषण आग… दूर-दूर तक फैली आग की लपटें, मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड 30 गाड़ियां

June 27, 2025

बड़ा हादसा टला : पेंट फैक्ट्री में लगी भीषण आग… दूर-दूर तक फैली आग की लपटें, मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड 30 गाड़ियां

Noida Paint Factory : दिल्ली से सटे नोएडा में शुक्रवार सुबह एक केमिकल पेंट फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना नोएडा के सेक्टर-2 स्थित शाम पेंट इंडस्ट्री में सुबह करीब 6 बजे हुई। फैक्ट्री से आग की लपटें और काले धुएं का गुबार उठने लगा, जिससे आसमान में दूर से ही धुआं नजर आने लगा। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

कोई जनहानि नहीं, बड़ा हादसा टला

मुख्य दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि फैक्ट्री में आग लगते ही आस-पास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती प्रयासों में सात दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के जिलों से और निजी कंपनियों की दमकल गाड़ियों को भी बुलाया गया। कुल 30 दमकल वाहनों की मदद से आग को नियंत्रित किया गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय फैक्ट्री में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

आग की चपेट में फटने लगे पेंट के डिब्बे

चौबे ने बताया कि फैक्ट्री में भारी मात्रा में पेंट और केमिकल स्टोर था, जिससे आग तेजी से फैली और डिब्बे फटने लगे, जिससे आग बुझाने में और अधिक कठिनाई हुई। आसपास की फैक्ट्रियों को भी आग की चपेट में आने का खतरा था, लेकिन समय रहते दमकल कर्मियों ने स्थिति पर नियंत्रण पा लिया।

आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट या केमिकल रिएक्शन की आशंका जताई जा रही है। अग्निशमन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और मामले की जांच जारी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें