नेशनल डेस्क: जम्मू-कश्मीर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (JKPDP) की प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने दिल्ली में लाल किले के पास हुए विस्फोट की कड़ी निंदा की है और जांच एजेंसियों से अपील की है कि इस मामले में गिरफ्तार किए गए डॉक्टरों के माता-पिता को परेशान न किया जाए।
महबूबा मुफ्ती का बयान
महबूबा मुफ्ती ने श्रीनगर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, “दिल्ली के लाल किले के पास हुआ धमाका बेहद दुखद है। कई लोगों की जान चली गई। अगर हमारे पढ़े-लिखे डॉक्टर इसमें शामिल हैं, तो यह समाज के लिए बहुत नुकसानदायक है। लेकिन जांच निष्पक्ष और स्वतंत्र होनी चाहिए। निर्दोष लोगों, खासकर माता-पिता को परेशान करना गलत है।” उन्होंने कहा कि जो लोग इस घटना में दोषी हैं, उन्हें सख्त सजा मिलनी चाहिए, लेकिन जिनका कोई संबंध नहीं है, उन्हें बेवजह न सताया जाए।
इससे पहले हरियाणा पुलिस की अपराध शाखा ने पुलवामा के रहने वाले डॉक्टर मुज़म्मिल के घर पर छापा मारा था। डॉ. मुज़म्मिल को 10 नवंबर को फरीदाबाद में पकड़ा गया था, जहाँ से पुलिस ने 360 किलोग्राम संभावित अमोनियम नाइट्रेट, एक असॉल्ट राइफल और अन्य हथियार बरामद किए थे।
#WATCH | Srinagar, J&K | On Delhi car blast, PDP chief Mehbooba Mufti says, “We understand the pain of what happened in Delhi because we witnessed this bloodshed very closely for many years. I request that this investigation be conducted quickly and fairly. However, the families… pic.twitter.com/bQyy12IgRJ
— ANI (@ANI) November 12, 2025
बेटा निर्दोष है, मिलने नहीं दिया जा रहा
डॉ. मुजम्मिल की मां ने मीडिया से कहा कि उनका बेटा निर्दोष है और उन्हें उससे मिलने नहीं दिया जा रहा। उन्होंने बताया कि, “वह चार साल पहले घर से गया था और दिल्ली में डॉक्टर के रूप में काम कर रहा था। हमें उसकी कोई जानकारी नहीं थी। जब उसकी गिरफ्तारी की खबर आई, तो हमें दूसरों से पता चला। मेरा दूसरा बेटा भी गिरफ्तार कर लिया गया है। मैं बस चाहती हूँ कि दोनों को रिहा किया जाए।”
इसी तरह शाहीन और परवेज़ नाम के दो लोगों के परिवारों ने भी अपनी बेगुनाही का दावा किया है। शाहीन के भाई मोहम्मद शोएब ने कहा कि उनके भाई और बहन का परिवार से तीन साल से कोई संपर्क नहीं था और उन्हें किसी गलत गतिविधि में न जोड़ा जाए।
NIA ने एक विशेष टीम गठित की
इस बीच, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने दिल्ली धमाके की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की है। एजेंसी को शक है कि यह हमला जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आतंकियों द्वारा रचा गया था। महबूबा मुफ्ती ने कहा कि आतंकवाद से सख्ती से निपटना चाहिए, लेकिन जांच में निष्पक्षता बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है।

