Site icon Dainik Savera Times

मेसी इवेंट में अफरा-तफरी के बाद बड़ा एक्शन, ऑर्गनाइजर अरेस्ट; फैंस को रिफंड का आश्वासन

Messi event organizer arrested

Messi event organizer arrested

नेशनल डेस्क: कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में लियोनेल मेसी के GOAT टूर इवेंट के दौरान हुई अफरा-तफरी के बाद बड़ा कदम उठाया गया है। पश्चिम बंगाल के गवर्नर सीवी आनंद बोस ने बताया कि इस इवेंट के ऑर्गनाइज़र को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

फैंस ने बोतलें फेंकीं, स्टेडियम में तोड़-फोड़ की

शनिवार को मेसी के कोलकाता कार्यक्रम में भारी अव्यवस्था देखने को मिली। बड़ी संख्या में टिकट खरीदकर पहुंचे फैंस उस समय नाराज़ हो गए, जब लियोनेल मेसी जल्दी स्टेडियम से चले गए और ज्यादातर दर्शकों को उनकी एक झलक भी नहीं मिल पाई। गुस्से में आए कुछ फैंस ने बोतलें फेंकीं, स्टैंड के गेट तोड़ने की कोशिश की और स्टेडियम में तोड़-फोड़ शुरू कर दी।

हालात तब और बिगड़ गए जब कुछ लोग मैदान में घुसने लगे और टेंट व गोल पोस्ट को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा और भीड़ को मैदान से बाहर किया गया।

स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में, FIR दर्ज 

इस मामले पर एडिशनल डायरेक्टर जनरल (ADG) लॉ एंड ऑर्डर जावेद शमीम ने कहा कि अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि FIR दर्ज कर ली गई है और चीफ ऑर्गनाइज़र को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही ऑर्गनाइज़र ने फैंस को टिकट के पैसे वापस करने का वादा किया है। प्रशासन इस बात पर नजर रखेगा कि रिफंड की प्रक्रिया सही तरीके से पूरी हो।

ममता बनर्जी ने माफी मांगी

वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी इस घटना को लेकर फैंस से माफी मांगी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि साल्ट लेक स्टेडियम में हुए मिसमैनेजमेंट से वह बेहद दुखी और हैरान हैं। उन्होंने कहा कि हजारों खेल प्रेमी अपने पसंदीदा फुटबॉलर लियोनेल मेसी को देखने आए थे, लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगी।

जांच के लिए कमेटी बनाई जा रही

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस मामले की जांच के लिए एक कमेटी बनाई जा रही है, जिसकी अध्यक्षता रिटायर्ड जस्टिस आशिम कुमार रे करेंगे। इस कमेटी में चीफ सेक्रेटरी और होम एंड हिल अफेयर्स विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे। कमेटी घटना की पूरी जांच करेगी, जिम्मेदारी तय करेगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुझाव देगी। अंत में ममता बनर्जी ने एक बार फिर सभी खेल प्रेमियों और फैंस से दिल से माफी मांगी।

Exit mobile version