Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

मैं घर में मौजूद हूं, कहीं गायब नहीं हुआ, मुझे कैसे गिरफ्तार कर सकते है : आमानतुल्लाह खान

February 13, 2025

मैं घर में मौजूद हूं, कहीं गायब नहीं हुआ, मुझे कैसे गिरफ्तार कर सकते है : आमानतुल्लाह खान

नेशनल डेस्क : दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट ने आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान की गिरफ्तारी पर 24 फरवरी तक रोक लगा दी है। यह आदेश कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए दिया। इसके साथ ही कोर्ट ने अमानतुल्लाह खान को निर्देश दिया है कि वह आज शाम से ही पुलिस जांच में शामिल हों। आइए जानते है इस पूरी खबर को विस्तार से…

मुझे कैसे गिरफ्तार किया जा सकता है…

आपको बता दें कि अमानतुल्लाह खान ने अपने बयान में कहा कि “मुझे कैसे गिरफ्तार किया जा सकता है? मैं आज ही दिल्ली पुलिस की जांच में शामिल होऊंगा। मैं अपने घर में मौजूद हूं और कहीं गायब नहीं हुआ था। क्या पुलिस मेरे घर आई थी? मुझे जांच में शामिल होने का नोटिस मिला है।”

पुलिस जांच और जमानत याचिका

दरअसल, कोर्ट ने दिल्ली पुलिस से यह पूछा कि क्या उस समय की कोई सीसीटीवी फुटेज मौजूद है जब कथित घटना हुई थी। पुलिस ने जवाब दिया कि उस समय इलाके की बिजली चली गई थी, जिससे सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध नहीं हो सकी। इसके बाद कोर्ट ने पुलिस से यह भी पूछा कि क्या पुलिस ने मोबाइल फोन से वीडियो बनाई थी। पुलिस का जवाब था कि जब वहां पुलिस पर हमला हो रहा था, तो वीडियो कैसे बनाई जा सकती थी। अदालत ने इस पर आदेश दिया कि अमानतुल्लाह खान को जामिया नगर थाने में जांच में शामिल होना होगा और उस जगह पर पूछताछ की जाएगी, जहां सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध हो सकती है।

अमानतुल्लाह खान पर आरोप

बता दें कि अमानतुल्लाह खान पर आरोप है कि 10 फरवरी को जामिया नगर में पुलिस दल पर हमले में उन्होंने भीड़ का नेतृत्व किया था। इस घटना के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ केस दर्ज किया और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए उनकी तलाश शुरू की। अमानतुल्लाह खान ने गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की थी। उन्होंने अपनी याचिका में यह दावा किया कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप पूरी तरह से झूठे हैं।

पुलिस का बयान

दिल्ली पुलिस ने पहले यह कहा था कि अमानतुल्लाह खान से संपर्क नहीं हो पा रहा है और वह जांच में भी सहयोग नहीं कर रहे थे। लेकिन अब कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर 24 फरवरी तक रोक लगा दी है और पुलिस से उन्हें जांच में शामिल करने का आदेश दिया है। अमानतुल्लाह खान के खिलाफ आरोप गंभीर हैं, लेकिन अदालत ने उनकी गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगा दी है। वह अब पुलिस जांच में शामिल होंगे, और 24 फरवरी तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकेगी।


खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें