नेशनल डेस्क: शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी हमेशा विदेश दौरे पर रहते हैं और उन्हें देश के पर्यटन राजदूत की तरह काम करना चाहिए। राउत ने यह भी सुझाव दिया कि पीएम मोदी को अपने ‘मन की बात’ में यह बताना चाहिए कि कौन से देशों में क्या खाना चाहिए, जैसे एक टूरिजम एंबेसडर करते हैं।
पाकिस्तान के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाए
संजय राउत ने आगे कहा कि मोदी सरकार ने विदेश नीति के मामले में पाकिस्तान के बढ़ते प्रभाव को नजरअंदाज किया है। राउत ने कहा, “जब से पीएम मोदी सत्ता में आए हैं, हम पाकिस्तान के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठा पाए हैं। आज संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान को एक महत्वपूर्ण पद मिल गया है और पाकिस्तान के सेना प्रमुख को व्हाइट हाउस में डिनर पर आमंत्रित किया गया है।”
मोदी सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
इसके साथ ही राउत ने मोदी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि देश में कई गंभीर समस्याएं हैं, जैसे किसानों की आत्महत्याएं और आतंकवादी हमले, जिन्हें सरकार नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, “क्या मोदी जी को पता है कि महाराष्ट्र में तीन महीने में 1000 किसान आत्महत्या कर चुके हैं? अभी तक पहलगाम हमले के दोषियों का कोई पता नहीं चला है, और एयर इंडिया भी खत्म हो चुकी है।”
आरएसएस और भाजपा भाई-भाई
संजय राउत ने आरएसएस और भाजपा के रिश्तों पर भी बयान दिया। उन्होंने कहा, “आरएसएस और भाजपा भाई-भाई हैं। अगर आरएसएस चाहे तो भाजपा को सबक सिखा सकता है। आज जो भाजपा की ताकत है, वह आरएसएस कार्यकर्ताओं की मेहनत का नतीजा है।”
ट्रंप से पूछे, भारत के साथ क्या खेल कर रहे हैं?
आखिर में राउत ने प्रधानमंत्री मोदी से अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से भारत के बारे में उनके दृष्टिकोण पर सवाल करने की मांग की। उन्होंने कहा, “मोदी जी को ट्रंप से पूछना चाहिए कि वह भारत के साथ क्या खेल कर रहे हैं? संयुक्त राष्ट्र में कोई भी हमारे पक्ष को नहीं उठा रहा है। ट्रंप पाकिस्तान को बढ़ावा दे रहे हैं, जो भविष्य में भारत के लिए खतरा बन सकता है।” इस बयान से राउत ने मोदी सरकार को गंभीर घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर घेरा और उनके विदेश दौरे को लेकर तीखा तंज कसा।

