मुंबई हमलों के दोषी आतंकी साकिब नाचन की मौत हो गई है। यह आतंकी दिल्ली की तिहाड़ जेल में भर्ती था, जिसे इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। यह आतंकी इस्लामिक स्टेट (ISIS) और स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (SIMI) से जुड़ा था, जिसकी जान 28 जून को गई है। बताया जा रहा है कि मौत का कारण ब्रेन हैमरेज था।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने उसे 2023 में अरेस्ट किया था। उसकी दिल्ली और महाराष्ट्र के पडघा इलाके में स्थित आतंकी मॉड्यूल को ऑपरेट करने में भूमिका सामने आई थी। बताया गया है कि मंगलवार को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती किया गया था। डॉक्टरों ने भी पुष्टि की है कि ब्रेन हैमरेज के चलते उसकी जान गई। उसे करीब दोपहर 12 बजे मृत घोषित किया गया।
धमाकों में हुई थी 13 लोगों की मौत
साकिब मूल रूप से महाराष्ट्र के ठाणे जिले के पडघा का रहने वाला था। 2001 में उसको राष्ट्र विरोधी गतिविधियों के चलते बैन किया गया था। 2002-2003 में मुंबई के विले पार्ले, मुंबई सेंट्रल, मुलुंड में धमाके हुए थे, जिनमें 13 लोगों की मौत हो गई थी। इन मामलों में साकिब की भूमिका सामने आई थी।
10 साल की मिली थी सजा
साकिब से जांच एजेंसी को AK-56 राइफल समेत कई अवैध हथियार मिले थे, जिसके लिए उसे 10 साल जेल की सजा सुनाई गई थी। 2017 में हालांकि उसे अच्छे व्यवहार के लिए जेल से छोड़ दिया गया था। 2023 में एनआईए को दोबारा उसके आईएसआईएस से जुड़ने के सबूत मिले। इसके चलते उसे दोबारा अरेस्ट किया गया था।
साकिब 12 भाइयों में एक था। उसका जन्म पडघा में हुआ था, जो मुंबई से लगभग 53 किलोमीटर दूर है। उसका परिवार काफी साधन-संपन्न था। साकिब ने आर्ट्स से ग्रेजुएशन की थी। 1980 में वह आतंकी गुटों से मिल गया। ये गुट भारत में काफी समय पहले ही बैन किए जा चुके हैं।

