Site icon Dainik Savera Times

सराय काले खां से UP के इस जिले तक दौड़ेगी नमो भारत ट्रेन, जान लें रूट और शेड्यूल

Namo Bharat

नेशनल डेस्क : दिल्ली और मेरठ के बीच जल्द नमो भारत ट्रेन शुरू होने जा रही है। इस ट्रेन का ट्रायल भी सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। अब इस ट्रेन के संचालन के लिए सीएमआरएस (CMRS) की मंजूरी की जरूरत है। इसके लिए नेशनल कैपिटल रीजनल ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NCRTC) ने काम भी शुरू कर दिया है। बता दें कि न्यू अशोक नगर से सराय काले खां तक सीएमआरएस मंजूरी के लिए निरीक्षण का काम भी पूरा किया जा चुका है। माना जा रहा है कि इसी महीने यानी जून के अंतिम सप्ताह तक मेरठ के लिए भी निरीक्षण का काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद जुलाई से ट्रेन संचालन को लेकर रेलवे की ओर से फैसला लिया जा सकता है।

बता दें कि जून के अंत तक नमो भारत के पहले रूट का काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद इसे संचालन के लिए शुरू किया जा सकता है। सराय काले खां से लेकर मोदीपुरम के बीच के ट्रैक की लंबाई 82 किलोमीटर है, जिसके ऊपर ट्रेन संचालन का काम शुरू होना है। फिलहाल की बात करें तो न्यू अशोक नगर से मेरठ के बीच के ट्रैक पर ट्रेन का संचालन हो रहा है, जिसकी लंबाई 55 किलोमीटर है। यानी फिलहाल 27 किलोमीटर के ट्रैक पर संचालन का काम बाकी है, जो जल्द शुरू किया जा सकता है। इसके लिए स्टेशनों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

50 हजार यात्री उठा रहे लाभ

सूत्रों के मुताबिक जुलाई से पूरे रूट पर नमो भारत ट्रेन शुरू हो सकती है। फिलहाल 50 हजार यात्री रोजाना इस ट्रेन जरिए सफर कर रहे हैं। सराय काले खां स्टेशन पर ट्रेन संचालन को लेकर काम तेजी से किया जा रहा है। स्टेशन को रेलवे, बस और मेट्रो कनेक्टिविटी से जोड़ने को लेकर प्लानिंग की गई है। रिंग रोड के साथ ही सभी काम 1 माह में पूरे किए जाने की संभावना है। माना जा रहा है कि सभी काम पूरे होने के बाद सराय काले खां नमो भारत का सबसे बड़ा स्टेशन बन जाएगा।

Exit mobile version