नेशनल डेस्क : भारत के स्टार जैवलिन थ्रो खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने इस साल की शुरुआत धमाकेदार तरीके से की है। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के पोटचेफस्ट्रूम शहर में हुए पॉट इनविटेशनल ट्रैक एंड फील्ड टूर्नामेंट में पहला स्थान हासिल किया। नीरज ने इस टूर्नामेंट में 84.52 मीटर दूर भाला फेंककर सभी खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया। इस जीत से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और यह आगामी डायमंड लीग टूर्नामेंट के लिए अच्छा संकेत है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
84.52 मीटर के थ्रो से जीता मुकाबला
आपको बता दें कि इस प्रतियोगिता में कुल छह खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। नीरज चोपड़ा ने 84.52 मीटर दूर भाला फेंककर पहली पोजीशन हासिल की। यह थ्रो उनके व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 89.94 मीटर से कुछ कम था, लेकिन फिर भी बाकी खिलाड़ियों के मुकाबले काफी अच्छा रहा। इस प्रतियोगिता में दक्षिण अफ्रीका के 25 वर्षीय डौव स्मिट दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने 82.44 मीटर दूर भाला फेंका, जो उनके पर्सनल बेस्ट 83.29 मीटर से थोड़ा ही कम था। तीसरे स्थान पर डंकन रॉबर्टसन रहे, जिनका सर्वश्रेष्ठ प्रयास 71.22 मीटर का था।
सिर्फ दो खिलाड़ियों ने पार की 80 मीटर की दूरी
दरअसल, इस प्रतियोगिता में सिर्फ नीरज चोपड़ा और डौव स्मिट ही ऐसे खिलाड़ी थे, जिन्होंने 80 मीटर से ज्यादा दूरी तक भाला फेंका। बाकी सभी खिलाड़ी 80 मीटर से कम दूरी तक ही थ्रो कर सके। बता दें कि नीरज इस समय चेक गणराज्य के दिग्गज कोच जान जेलेजनी की निगरानी में ट्रेनिंग कर रहे हैं। जेलेजनी खुद एक तीन बार के ओलंपिक चैंपियन और वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर रह चुके हैं। इससे पहले नीरज के कोच क्लॉस बार्टोनिट्ज थे, जिनसे उन्होंने पिछले साल अलग होने का फैसला किया।
दो ओलंपिक मेडल जीतने वाले पहले भारतीय…
नीरज चोपड़ा भारत के पहले और इकलौते जैवलिन थ्रोअर हैं, जिन्होंने दो ओलंपिक मेडल जीते हैं। उन्होंने 2020 टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल और 2024 पेरिस ओलंपिक में सिल्वर मेडल हासिल किया था। उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो 89.94 मीटर है, जो उन्होंने 2022 में किया था। वह अब 90 मीटर की दूरी पार करने की कोशिश में जुटे हुए हैं। नीरज अब 16 मई को दोहा में होने वाली डायमंड लीग में हिस्सा लेंगे। यह प्रतियोगिता दुनिया के टॉप एथलीट्स के लिए होती है और इसमें उनका मुकाबला अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों से होगा।

