हरियाणा डेस्क. भिवानी के गांव कितलाना में रात को नवरात्रों में ऊंची आवाज में साउंड सिस्टम बज रहा था। एक ने आवाज कम करने के लिए कहा तो लोगों ने उसे लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार दिया। युवक को गंभीर हालात में परिजन जिला नागरिक अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को मौके से लाठी-डंडे भी बरामद हुए हैं।
काम से घर लौटा था युवक
दरअसल 38 वर्षीय सन्नी शनिवार शाम करीब 7 बजे काम से घर लौटा था। उस समय उसके घर के पड़ोस में ही कुछ लोग तेज आवाज में गाना बजा रहे थे, जब सन्नी ने पड़ोसियों से कहा कि या तो आवाज कम कर दो या फिर इसे बंद ही कर दो, जिस पर वहां मौजूद सभी लोग भड़क गए और उसके साथ गाली-गलौज करने लगे।
घर में घुसकर डंडों से मारा
बहस के बाद सन्नी घर के अंदर चला गया। इसके बाद कुछ लोग हाथ में लाठी डंडे लेकर सन्नी के घर में घुस गए और पीटने लगे। पीटने से सन्नी बुरी तरह घायल हो गया और उसका काफी खून बह गया। घायल सन्नी को चौधरी बंसीलाल नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सदर थाना जांच अधिकारी वीरेंद्र ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक घायल युवक को अस्पताल ले जाया जा चुका था। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के भाई सूरज की शिकायत पर मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।

