Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

New AC Rule : AC के टेंपरेचर को लेकर केंद्र सरकार का ला रही नया नियम, इससे कम और ज्यादा नहीं होगा

June 11, 2025

New AC Rule : AC के टेंपरेचर को लेकर केंद्र सरकार का ला रही नया नियम, इससे कम और ज्यादा नहीं होगा

नेशनल डेस्क : देश में इन दिनों भीषण गर्मी और लू का दौर चल रहा है। ऐसे में लोग राहत पाने के लिए एसी (AC) का ज्यादा इस्तेमाल कर रहे हैं। लेकिन अब एसी को लेकर केंद्र सरकार एक बड़ा बदलाव करने जा रही है। सरकार का नया नियम यह कहता है कि अब आप अपने घर, ऑफिस या गाड़ी में लगे एसी को 20 डिग्री सेल्सियस से कम तापमान पर नहीं चला सकेंगे। साथ ही, एसी का तापमान 28 डिग्री से ऊपर भी नहीं ले जा सकेंगे। यानी अब एसी को बहुत ज्यादा ठंडा या बहुत ज्यादा गर्म नहीं किया जा सकेगा। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

नया नियम क्यों लाया जा रहा है?

इस फैसले के पीछे सरकार की सोच यह है कि देश में बिजली की खपत को कम किया जाए और ऊर्जा की बचत हो। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बताया कि यह फैसला ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण को संतुलित बनाए रखने के उद्देश्य से लिया जा रहा है। जब एसी को बहुत कम तापमान पर चलाया जाता है, तो वह ज्यादा बिजली खपत करता है। इससे न केवल बिजली का बिल बढ़ता है, बल्कि ज्यादा बिजली उत्पादन के कारण पर्यावरण पर भी बुरा असर पड़ता है। ऐसे में अगर एसी का तापमान सीमित कर दिया जाए, तो ऊर्जा की बचत होगी और जलवायु परिवर्तन से लड़ाई में मदद मिलेगी।

इन देशों में पहले से लागू है यह सिस्टम

केंद्रीय मंत्री ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी बताया कि इस तरह का नियम दुनिया के कई विकसित देशों में पहले से लागू है। उदाहरण के लिए जापान में एसी को 26 डिग्री से नीचे नहीं चलाया जा सकता। वहीं, इटली में भी तापमान की एक तय सीमा है, जहां एसी को 23 डिग्री से नीचे नहीं ले जाया जाता। भारत सरकार भी अब ऐसी ही एक मानक प्रणाली लागू करने जा रही है, जिससे पूरे देश में एसी के तापमान को एक तय दायरे में रखा जा सके।

अभी तक AC कितने डिग्री पर चलते हैं ?

फिलहाल, बाजार में मिलने वाले ज्यादातर एसी को 16 डिग्री सेल्सियस तक ठंडा किया जा सकता है। बहुत से लोग गर्मी से तुरंत राहत पाने के लिए एसी को बहुत कम तापमान पर चला लेते हैं। इससे एसी को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, और बिजली की खपत भी बहुत बढ़ जाती है। लेकिन अब जब यह नया नियम लागू होगा, तो एसी बनाने वाली कंपनियों को अपने प्रोडक्ट्स में ऐसा सिस्टम लगाना होगा जिससे तापमान 20 डिग्री से नीचे या 28 डिग्री से ऊपर न जा सके।

कहां-कहां लागू होगा यह नियम?

सरकार का यह नया नियम सिर्फ घरों तक सीमित नहीं रहेगा। यह नियम आवासीय भवनों, वाणिज्यिक संस्थानों (जैसे ऑफिस और मॉल) और गाड़ियों में लगने वाले एसी पर भी लागू होगा। यानी चाहे आप अपने घर में हों, ऑफिस में या गाड़ी चला रहे हों – एसी को 20 डिग्री से नीचे नहीं चला पाएंगे।

कब से लागू होगा यह नियम?

फिलहाल सरकार ने इस नियम को लागू करने की सटीक तारीख घोषित नहीं की है, लेकिन केंद्रीय मंत्री ने बताया कि यह बहुत जल्द पूरे देश में लागू कर दिया जाएगा। इसके बाद जो भी नए एसी बाजार में आएंगे, उनमें यह तापमान की सीमा पहले से तय होगी।

फायदा किसका ?

सरकार का यह कदम लंबे समय में देश और आम जनता दोनों के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। इससे न केवल बिजली की बचत होगी, बल्कि पर्यावरण को भी राहत मिलेगी। साथ ही, देश को ऊर्जा संकट से बचाने में मदद मिलेगी और जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर मुद्दों से निपटना आसान होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें