Site icon Dainik Savera Times

महाराष्ट्र में कोरोना के नए मामले बढ़े, सक्रिय मरीजों की संख्या पहुंची 200 पार

COVID 19 In India : महाराष्ट्र में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामलों में इजाफा देखने को मिल रहा है। राज्य में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 43 नए मामले दर्ज किए गए हैं, जिससे सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 209 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार, पुणे में सबसे ज्यादा 35 मामले, जबकि मुंबई में 8 नए केस सामने आए हैं।

मई में बढ़ा संक्रमण का खतरा

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जनवरी से अब तक महाराष्ट्र में कुल 300 कोविड मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें जनवरी में 1, फरवरी में 1, मार्च में 0, अप्रैल में 4, जबकि मई में सबसे अधिक 242 मामले सामने आए हैं। यानी कुल मामलों का करीब 80 प्रतिशत संक्रमण केवल मई महीने में दर्ज किया गया है, जो चिंता का विषय है।

मुंबई में सर्वाधिक मामले

अब तक रिपोर्ट किए गए 300 मामलों में से 248 केस अकेले मुंबई से हैं, जो कि कुल मामलों का 82.67% हिस्सा बनाते हैं। इससे साफ है कि मुंबई एक बार फिर कोरोना का केंद्र बनता दिख रहा है। हालांकि राहत की बात यह है कि राज्य में अब तक कोरोना से केवल 4 मौतें दर्ज की गई हैं, और पिछले 24 घंटे में कोई नई मौत नहीं हुई है।

87 मरीज हुए स्वस्थ

कोरोना संक्रमण के बीच अच्छी खबर यह है कि 87 मरीज इलाज के बाद पूरी तरह से स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग संक्रमण की रोकथाम के लिए लगातार निगरानी बनाए हुए है।

सावधानियां और सुझाव:

– भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मास्क का प्रयोग जरूर करें, विशेषकर तब जब आप अस्वस्थ महसूस कर रहे हों।
– हाथों को साबुन से बार-बार धोते रहें या सैनिटाइज़र का इस्तेमाल करें।
– लक्षण नजर आने पर तुरंत जांच करवाएं और खुद को आइसोलेट करें।
– बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें।

Exit mobile version