नेशनल डेस्क : नेशनल हाईवे पर सफर करने वाले दोपहिया वाहन चालकों को लेकर अफवाह चल रही थी कि उनको अब टोल टैक्स देना होगा। मामले में अब केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का पक्ष सामने आया है। उन्होंने इस खबर को गलत बताया है। इससे पहले कहा जा रहा था कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने बड़ा फैसला लिया है।
एनएचएआई की ओर से 15 जुलाई 2025 से सभी टू व्हीलर्स के लिए टोल टैक्स अनिवार्य करने की घोषणा की गई है, लेकिन सरकार ने इसको लेकर स्पष्ट कर दिया है कि दोपहिया वाहनों को टोल टैक्स से छूट मिली हुई थी, वह अब भी जारी रहेगी। नियमों में बदलाव का कोई फैसला एनएचएआई की ओर से नहीं लिया गया है।
जारी रहेगी टोल से छूट
इससे पहले कहा गया था कि एनएचएआई की ओर से कुछ नए प्रावधान लागू किए गए हैं, उनके अनुसार टोल टैक्स का भुगतान नेशनल हाईवे पर फास्टैग के जरिए करना होगा। हर उस टोल प्लाजा पर भुगतान जरूरी किया गया है, जहां नियम को लागू किया जाएगा, जबकि सरकार ने ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया था।
बता दें कि जब भी कोई नया टू व्हीलर्स खरीदा जाता था, तब उसके पंजीकरण के समय ही टोल टैक्स की अनुमानित राशि एकमुश्त तौर पर ले ली जाती है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को इससे संबंधित एक पोस्ट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर अपलोड किया। उन्होंने साफ किया कि दोपहिया वाहनों से टोल टैक्स लेने का उनका कोई निर्णय प्रस्तावित नहीं है। दोपहिया वाहनों को टोल टैक्स से छूट पहले की तरह जारी रहेगी।
3 हजार रुपये में बनेगा पास
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने हाल में टोल प्लाजा को लेकर नई योजना का ऐलान किया था। यह योजना फास्टैग पर आधारित थी, जो वार्षिक टोल पास को लेकर थी। बता दें कि इस योजना की शुरुआत 15 अगस्त से होगी। वार्षिक पास के लिए 3 हजार रुपये की राशि निर्धारित की गई है यानी इससे 200 यात्राएं की जा सकेंगी। खास बात यह है कि यह योजना फिलहाल सिर्फ NHAI और NE के टोल प्लाजा पर ही मान्य होगी। स्टेट हाईवे के अंतर्गत जितने टोल प्लाजा आते हैं, उनके ऊपर यह पास मान्य नहीं होगा।

