
नेशनल डेस्क : भारतीय क्रिकेटर नितीश राणा के घर एक बड़ी खुशखबरी आई है। उनकी पत्नी साची मारवाह ने 16 जून 2025 को दो जुड़वा बेटों को जन्म दिया है। इस खबर की जानकारी खुद नितीश और साची ने एक संयुक्त सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी। उन्होंने एक फोटो भी साझा की जिसमें उनके नवजात बच्चों के छोटे-छोटे हाथ नजर आ रहे हैं। इस पोस्ट पर क्रिकेट प्रेमियों और फैंस ने उन्हें खूब बधाइयाँ दीं। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
प्यार की कहानी और शादी
आपको बता दें कि नितीश राणा और साची मारवाह की शादी 18 फरवरी 2019 को हुई थी। साची पेशे से एक इंटीरियर डिजाइनर हैं। साथ ही, वह स्टैंड-अप कॉमेडियन अभिषेक कृष्णा की कजिन (चचेरी बहन) भी हैं। शादी के बाद से ही दोनों अक्सर सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के साथ तस्वीरें और वीडियो शेयर करते रहे हैं। अब दो जुड़वा बेटों के माता-पिता बनकर दोनों की जिंदगी में एक नया अध्याय शुरू हो गया है।
इंटरनेशनल क्रिकेट में छोटा लेकिन यादगार सफर
हालांकि, नितीश राणा ने 2021 में भारत के लिए अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा था। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ जुलाई महीने में 1 वनडे और 2 T20 मैच खेले थे। हालांकि उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। वनडे में उन्होंने सिर्फ 7 रन बनाए और दो T20 मैचों की कुल पारियों में 15 रन। इसके बाद से उन्हें भारतीय टीम में दोबारा मौका नहीं मिला।
View this post on Instagram
घरेलू क्रिकेट और IPL में दमदार प्रदर्शन
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ज्यादा मौके न मिलने के बावजूद नितीश राणा का घरेलू क्रिकेट करियर काफी मजबूत रहा है। उन्होंने 54 फर्स्ट क्लास मैचों में 2954 रन बनाए हैं, वहीं 78 लिस्ट ए मैचों में 2281 रन उनके नाम हैं। इन आंकड़ों से साफ है कि वह घरेलू स्तर पर एक भरोसेमंद बल्लेबाज रहे हैं।
IPL में उनका सफर लंबा और दिलचस्प
बता दें कि IPL में भी उनका सफर लंबा और दिलचस्प रहा है। उन्होंने 2016 में मुंबई इंडियंस के लिए डेब्यू किया था और दो सीजन तक उस टीम का हिस्सा रहे। इसके बाद वह कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) में शामिल हुए और सात सीजन तक लगातार वहां खेले। 2025 के सीजन से पहले KKR ने उन्हें रिलीज़ कर दिया, जिसके बाद वह राजस्थान रॉयल्स (RR) में चले गए। राजस्थान के लिए उन्होंने 11 मैचों में 217 रन बनाए, जिसमें दो अर्धशतक भी शामिल थे।
नए जोश के साथ आगे बढ़ने की उम्मीद
नितीश राणा के लिए यह समय बेहद खास है, क्योंकि वह अब दो जुड़वा बच्चों के पिता बन चुके हैं। ऐसे में फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि यह नई जिम्मेदारी उन्हें और अधिक प्रेरित करेगी और वह आने वाले दिनों में अपने क्रिकेट करियर में भी नई ऊंचाइयों को छुएंगे। सोशल मीडिया पर उन्हें ढेरों बधाइयाँ और शुभकामनाएँ मिल रही हैं।