Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

Noida Fire: चार मंजिला इमारत में लगी भीषण आग…100 लोग छत पर फंसे, मची अफरा-तफरी, फायर ब्रिगेड ने किया रेस्क्यू

July 9, 2025

Noida Fire: चार मंजिला इमारत में लगी भीषण आग…100 लोग छत पर फंसे, मची अफरा-तफरी, फायर ब्रिगेड ने किया रेस्क्यू

Noida Fire: नोएडा के फेज-2 थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर 87 के नया गांव गली नंबर-1 में मंगलवार देर रात एक चार मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज़ी से फैली कि इमारत में मौजूद करीब 100 लोग अपनी जान बचाने के लिए छत पर चढ़ गए और वहां फंस गए। गनीमत यह रही कि दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

रात 11:24 बजे मिली सूचना

घटना की जानकारी रात 11:24 बजे दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही नोएडा के संबंधित फायर स्टेशन के साथ-साथ आसपास के फायर स्टेशनों से कुल 6 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। इसके अतिरिक्त एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म भी रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए मौके पर लगाया गया।

गैस सिलेंडर से गैस रिसाव बना हादसे की वजह

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इमारत के पहले तल पर रखे घरेलू एलपीजी सिलेंडर से गैस रिसाव हुआ था। गैस रिसाव के बाद अचानक धमाका हुआ, जिससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ऊपरी मंजिलों तक धुआं तेजी से फैल गया। इस कारण लोगों को तुरंत ऊपरी मंजिलों और छत की ओर भागना पड़ा।

दमकल टीम और पुलिस ने मिलकर किया रेस्क्यू

दमकल कर्मियों ने पूरी तत्परता से सबसे पहले आग पर काबू पाने का प्रयास किया और साथ ही पुलिस व फायर सर्विस यूनिट की मदद से इमारत में फंसे सभी लोगों को सीढ़ियों और हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया।

कोई जनहानि नहीं, कुछ लोगों को हुआ दम घुटने की शिकायत

इस बड़े अग्निकांड में सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सभी 100 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। हालांकि कुछ लोगों को दम घुटने की समस्या की शिकायत हुई, जिन्हें मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया।

प्रशासन ने शुरू की जांच

घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और फायर डिपार्टमेंट ने मामले की जांच शुरू कर दी है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल इमारत की स्थिति की जांच की जा रही है और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें