इंटरनेशनल डेस्क: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा स्टेट में शनिवार को पाकिस्तानी आर्मी ने व्यापक अभियान चलाया। सुरक्षा बलों ने इस दौरान प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के 5 आतंकियों को ढेर कर दिया। पुलिस ने मामले की पुष्टि की है। 2 आतंकवादी गोलीबारी के दौरान घायल हुए हैं। सेना ने यह अभियान मलकंद जिले के मेहरदाय इलाके में चलाया था।
इस अभियान में पुलिस और आतंकवाद निरोधी विभाग (CDT) की टीमें भी मौजूद थीं। इस अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने 8 आतंकियों को जिंदा पकड़ने का दावा भी किया है। सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तानी अधिकारियों ने इसे सीटीडी के साथ मिलकर सफल अभियान बताया है। उन्होंने 5 आतंकियों के मारे जाने के साथ ही 8 को जिंदा पकड़ने का दावा किया है। दो दहशतगर्द गोलीबारी में घायल बताए जा रहे हैं।
हांगू में 9 आतंकी मारे जाने का दावा
पकड़े गए आतंकियों से सीटीडी केंद्र में पूछताछ की जा रही है। घायल आतंकियों को तहसील हेडक्वार्टर के दरगई अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस के अनुसार शनिवार को सुबह हांगू जिले में एक और स्पेशल ऑपरेशन चलाया गया है। इस दौरान 9 आतंकियों के मारे जाने की बात सामने आई है। हमले में 3 सुरक्षा अधिकारी भी घायल बताए जा रहे हैं।
Pakistan 5 terrorists killed, 8 arrested in Malakand CTD operation: local official https://t.co/5tUiEPlT5Q #NewsDawn #Pakistan
— News on Pakistan (@87_pakistan) July 19, 2025
इस साल 1000 से ज्यादा लोगों की मौत
पिछले 1 साल की बात करें तो पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान इलाके में लगातार आतंकी घटनाओं में इजाफा देखने को मिल रहा है। टीटीपी को पाकिस्तान में प्रतिबंधित किया गया है। सरकार के साथ उसका शांति करार नवंबर 2022 में समाप्त हो चुका है। वैश्विक आतंकवाद सूचकांक 2025 में पाकिस्तान की दूसरी रैंकिंग है। पिछले के मुकाबले इस साल आतंकी हमलों में 45 फीसदी अधिक लोगों की मौत हुई है।
इस साल अब तक 1081 लोग मारे जा चुके हैं। खैबर पख्तूनख्वा में फिलहाल सबसे ज्यादा आतंकी सक्रिय हैं। बता दें कि पाकिस्तान की सरजमीं पर फिलहाल कई आतंकी गुट सक्रिय हैं। कई गुट पाकिस्तानी आर्मी की मदद से चलते हैं, जिनका काम भारत में अशांति और आतंक फैलाना है। हालांकि पाकिस्तान समय-समय पर इन गुटों के खिलाफ कार्रवाई का दावा करता है।

