Site icon Dainik Savera Times

J&K: CM उमर अब्दुल्ला ने निधि राजदान से रचाई शादी, सोशल मीडिया पर साझा की पहली तस्वीर

Omar Abdullah married journalist Nidhi Razdan

Omar Abdullah married journalist Nidhi Razdan

जम्मू-कश्मीर: मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान के साथ शादी कर ली है। उन्होंने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा कर अपनी शादी की जानकारी दी। उमर अब्दुल्ला ने इंस्टाग्राम पर निधि राजदान के साथ तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘कल एक नई यात्रा शुरू हुई।’ इस पोस्ट में उन्होंने निधि राजदान को भी टैग किया।

उमर अब्दुल्ला ने शादी के एक दिन बाद इस खुशखबरी को सार्वजनिक किया। उनकी इस पोस्ट के सामने आने के बाद उनकी जिंदगी के नए अध्याय की जानकारी लोगों को मिली। हालांकि, उन्होंने शादी से जुड़ी अन्य जानकारियां साझा नहीं की हैं।

 

तलाक के करीब तीन महीने बाद की शादी

उमर अब्दुल्ला की निधि राजदान से शादी ऐसे समय हुई है, जब करीब तीन महीने पहले सुप्रीम कोर्ट ने उनकी पहली पत्नी पायल अब्दुल्ला से तलाक को मंजूरी दी थी। 31 जुलाई 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने उमर अब्दुल्ला और पायल अब्दुल्ला के तलाक को मंजूरी देने पर सहमति जताई थी। दोनों ने अदालत को बताया था कि वे आपसी सहमति से अलग होना चाहते हैं और अपने बीच चल रहे सभी विवादों को खत्म करने के लिए तैयार हैं। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ दर्ज कानूनी मामलों को भी वापस लेने पर सहमति जताई थी।

उमर अब्दुल्ला और पायल अब्दुल्ला के तलाक का मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था। दरअसल, उमर अब्दुल्ला ने दिल्ली हाई कोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी थी, जिसमें उन्हें तलाक देने से इनकार कर दिया गया था। सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान दोनों ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत आपसी सहमति से तलाक देने की मांग करते हुए संयुक्त आवेदन दाखिल किया था। वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने दोनों की ओर से अदालत को बताया था कि अब वे अपने मतभेद दूर कर चुके हैं और आपसी सहमति से अलग होना चाहते हैं।

1994 में हुई थी उमर की पहली शादी

उमर अब्दुल्ला और पायल अब्दुल्ला की शादी साल 1994 में हुई थी। दोनों की पहली मुलाकात दिल्ली के ओबेरॉय होटल में हुई थी, जहां दोनों काम करते थे। इस शादी से उनके दो बेटे हैं, जिनके नाम जाहिर और जामिर हैं। दोनों साल 2009 से अलग रह रहे थे। उमर अब्दुल्ला ने 2011 में सार्वजनिक रूप से अलग रहने की जानकारी दी थी। सुप्रीम कोर्ट ने भी सुनवाई के दौरान इस बात का जिक्र किया था कि दोनों लंबे समय से अलग रह रहे थे। अब निधि राजदान के साथ शादी के ऐलान के बाद उमर अब्दुल्ला की निजी जिंदगी एक बार फिर चर्चा में है।

Exit mobile version