Dainik Savera Times

अहमदाबाद विमान हादसे में एक शख्स जिंदा मिला, सीट नंबर 11 A पर था सवार

नेशनल डेस्क: अहमदाबाद में एक बड़ा विमान हादसा हुआ है। एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 क्रैश हो गई। विमान में 242 यात्री सवार थे। इस हादसे में अब तक 200 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। इस घटना में एक एक शख्स जिंदा मिला है, जिसकी जानकारी अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर जीएस मलिक ने दी है।

अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर जीएस मलिक ने बताया, “पुलिस को सीट 11ए पर एक जीवित व्यक्ति मिला। जिनका नाम रमेश विश्वास है जोकि भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक हैं। इनकी एक तस्वीर भी सामने आई है। अभी तक मौतों की संख्या के बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि विमान आवासीय क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हुआ।’

204 लोगों की मौत की पुष्टि
एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 क्रैश में अब तक 204 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि 41 यात्री घायल हैं और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। यह विमान अहमदाबाद में बी.जे. मेडिकल कॉलेज के रेजिडेंट डॉक्टर्स हॉस्टल पर गिरा, जिससे भारी नुकसान हुआ। हादसे के समय विमान में कुल 242 लोग सवार थे।

शवों की पहचान के लिए DNA टेस्ट
बहुत से शव बुरी तरह जल चुके हैं, जिससे पहचान करना मुश्किल हो गया है। इसलिए अहमदाबाद सिविल अस्पताल में मृतकों के परिजनों के DNA सैंपल लिए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव, धनंजय द्विवेदी ने बताया कि यह सैंपलिंग बी.जे. मेडिकल कॉलेज के कसोटी भवन में की जा रही है। यहां मृतकों के सबसे करीबी रिश्तेदार, जैसे माता-पिता, बच्चे या भाई-बहन अपना सैंपल दे सकते हैं। अस्पताल प्रशासन ने लोगों से इस प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की है ताकि शवों की सही पहचान जल्दी हो सके।

घायलों का इलाज जारी
अहमदाबाद सिविल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में 41 घायल यात्रियों का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार अभी सभी की हालत स्थिर है। परिजनों की मदद के लिए अस्पताल ने दो हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं, जिन पर कॉल कर जानकारी ली जा सकती है।

Exit mobile version