
नेशनल डेस्कः जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाते हुए CRPF की टीम पर हमला कर दिया। हालांकि, जवानों की सतर्कता और मुस्तैदी के चलते आतंकियों की एक बड़ी साजिश नाकाम हो गई। इस हमले में CRPF के तीन जवान घायल हुए हैं। इनमें से एक जवान की हालत गंभीर बताई जा रही है। शुरुआत में इस हमले के पीछे आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का हाथ होने की आशंका जताई जा रही थी। लेकिन अब एक नए आतंकी संगठन ‘पासदारान-ए-हुर्रियत कश्मीर’ ने इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। इस संगठन का नाम कश्मीर में किसी आतंकी घटना के मामले में पहली बार सामने आया है।
नए आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी लेने का किया दावा
कुलगाम में CRPF जवानों पर हुए हमले के बाद ‘पासदारान-ए-हुर्रियत कश्मीर’ नाम के संगठन ने एक नोटिस जारी किया है। इस नोटिस के जरिए संगठन ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है।
संगठन ने अपने बयान में भारत सरकार, RSS और सुरक्षाबलों को धमकी देते हुए आने वाले दिनों में बड़े हमले करने की चेतावनी दी है। संगठन ने कहा है कि वह आने वाले समय में हमलों की एक नई लहर शुरू करेगा।
उसने अपने बयान में यह भी कहा कि उसकी कथित लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक उसका लक्ष्य पूरा नहीं हो जाता। संगठन की ओर से जारी इस धमकी को सुरक्षा एजेंसियां गंभीरता से ले रही हैं।
आपको बता दें कि कश्मीर घाटी में किसी आतंकी गतिविधि के सिलसिले में पहली बार इस संगठन का नाम सामने आया है। इसके प्रवक्ता के तौर पर मोहम्मद उमर अज्जम का नाम बताया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां अब इस संगठन और इसके दावों की जांच कर रही हैं।
AK-47 से लैस दो आतंकियों ने किया था हमला
जानकारी के मुताबिक, कुलगाम जिले के अखरान इलाके में CRPF कैंप को आतंकियों ने निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि कल दोपहर AK-47 राइफल से लैस दो आतंकियों ने अचानक CRPF जवानों पर हमला कर दिया। हमले के दौरान जवानों ने भी सतर्कता दिखाई, लेकिन इस गोलीबारी में तीन जवान घायल हो गए। इनमें एक जवान की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हमला करने के बाद दोनों आतंकी मौके से फरार हो गए और जंगल की तरफ भाग निकले। इसके बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी और आतंकियों की तलाश शुरू कर दी।
आतंकियों की तलाश में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन
हमले के बाद से ही सुरक्षाबलों की कई टीमें आतंकियों की तलाश में जुटी हुई हैं। इलाके में जगह-जगह नाकेबंदी की गई है। जंगलों और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इस ऑपरेशन में BSF, जम्मू-कश्मीर पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की टीमें शामिल हैं। सुरक्षाबल हर संभावित ठिकाने पर नजर रख रहे हैं, ताकि फरार आतंकियों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।
इसके अलावा आसपास की दुकानों और दूसरी जगहों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जरूरी सबूत जुटाए हैं, ताकि हमले से जुड़ी अहम जानकारी हासिल की जा सके।
लश्कर के लोकल कमांडर पर भी शक
जांच एजेंसियों को इस हमले में लश्कर-ए-तैयबा के स्थानीय कमांडर मोहम्मद लतीफ भट की भूमिका होने का भी शक है। हालांकि, इस बारे में अभी जांच जारी है और उसकी संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षा एजेंसियां हमले के पीछे शामिल लोगों, उनकी मदद करने वालों और आतंकियों के भागने के रास्तों का पता लगाने में जुटी हैं।
जम्मू से किश्तवाड़ तक सुरक्षा व्यवस्था सख्त
कुलगाम में आतंकी हमले के बाद जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कटरा से जम्मू और कुलगाम से किश्तवाड़ तक सुरक्षाबलों को अलर्ट पर रखा गया है। सड़कों पर अतिरिक्त नाके लगाए गए हैं और आने-जाने वाले वाहनों की गहन जांच की जा रही है। संदिग्ध लोगों और गाड़ियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की दूसरी आतंकी गतिविधि को रोकने के लिए पूरी तरह सतर्क हैं। फिलहाल सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी है और फरार आतंकियों की तलाश की जा रही है।