Last Updated: November 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

लखनऊ रैली में ओवैसी का PM मोदी और CM योगी पर हमला, बोले- ‘आपके दिन खत्म होने वाले’

November 26, 2026

लखनऊ रैली में ओवैसी का PM मोदी और CM योगी पर हमला, बोले- ‘आपके दिन खत्म होने वाले’

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में संविधान दिवस के मौके पर आयोजित एक बड़ी रैली में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लखनऊ में जुटी भारी भीड़ ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को एक बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है। ओवैसी ने अपने संबोधन में कहा, ”आपके दिन खत्म होने वाले हैं।”

दरअसल, गुरुवार को लखनऊ में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की ओर से ‘बहुजन स्वराज संकल्प महारैली’ का आयोजन किया गया था। इस रैली में AIMIM और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) समेत मोर्चे से जुड़े नेताओं और समर्थकों ने हिस्सा लिया। रैली को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों का एक साथ जुटना इस बात का संकेत है कि उत्तर प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है।

जनता अब धोखे और मौकापरस्ती का शिकार नहीं होगी: ओवैसी

असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि लखनऊ में जुटी भीड़ ने न सिर्फ उत्तर प्रदेश की जनता को, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी एक संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि अब लोग मौकापरस्ती और धोखे की राजनीति का शिकार नहीं होंगे।

ओवैसी ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा को एक नई राजनीतिक शुरुआत बताते हुए कहा कि यह गठबंधन साझेदारी, भाईचारे और इंसाफ की दिशा में आगे बढ़ने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस एकजुटता से प्रदेश में नई उम्मीद पैदा होगी और लोगों को अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने का मौका मिलेगा।

चंद्रशेखर आजाद का भी किया जिक्र

अपने भाषण में ओवैसी ने आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की सफलता केवल एक राजनीतिक गठबंधन की जीत नहीं होगी, बल्कि यह उम्मीद, सामाजिक न्याय और अन्याय के खिलाफ संघर्ष की भी जीत होगी। ओवैसी के मुताबिक, इस मोर्चे का उद्देश्य समाज के अलग-अलग वर्गों को एक मंच पर लाना और उनके अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करना है।

बाबा साहेब अंबेडकर और संविधान का किया जिक्र

संविधान दिवस के मौके पर ओवैसी ने अपने भाषण में डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान का निर्माण कोई अचानक हुई घटना नहीं थी, बल्कि इसके पीछे लंबे संघर्ष और विचारधारा की भूमिका थी। उन्होंने संविधान निर्माण का श्रेय बाबा साहेब अंबेडकर को दिया।

ओवैसी ने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर ने देश को हिंदू राष्ट्र बनने से रोकने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने छुआछूत जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ अंबेडकर के संघर्ष को भी याद किया और कहा कि बाबा साहेब ने समाज में बराबरी और सम्मान स्थापित करने के लिए काम किया।

‘हम भारत के लोग’ से शुरू होता है संविधान

ओवैसी ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का जिक्र करते हुए कहा कि संविधान की शुरुआत ‘हम भारत के लोग’ शब्दों से होती है। इसका मतलब है कि देश की असली ताकत और संप्रभुता आम नागरिकों के हाथों में है। उन्होंने कहा कि संविधान किसी एक धर्म, जाति या समुदाय के लिए नहीं, बल्कि देश के सभी नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए बनाया गया है। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने बाबा साहेब अंबेडकर के विचारों और उनके बताए रास्ते पर चलने की अपील की। इस रैली के जरिए ओवैसी ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की राजनीतिक ताकत दिखाने की कोशिश की। साथ ही, उनके निशाने पर केंद्र और उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकारें रहीं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें