नेशनल डेस्क : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद देश की केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपनी अमेरिका-पेरू की आधिकारिक यात्रा बीच में ही छोड़ने का फैसला लिया है। यह कदम उन्होंने इस कठिन समय में देश और जनता के साथ खड़े रहने के लिए उठाया है। बुधवार को वित्त मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा “केंद्रीय वित्त और कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण अमेरिका-पेरू की अपनी आधिकारिक यात्रा बीच में ही छोड़ रही हैं।” आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
शब्द नहीं, सिर्फ दुख…
आपको बता दें कि मंत्रालय ने आगे कहा कि यह फैसला देश के लोगों के साथ एकजुटता जताने के लिए लिया गया है। वहीं इस दुखद घटना पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोशल मीडिया पर कहा, “जम्मू-कश्मीर के पहलगाम से दिल दहला देने वाली खबर। दुख व्यक्त करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। मैं आतंकवादी कृत्य की निंदा करती हूं।”
उन्होंने पीड़ितों के परिवारों और घायलों के प्रति संवेदना और प्रार्थना व्यक्त की।
प्रधानमंत्री के संदेश को दोहराया
निर्मला सीतारमण ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शब्दों को दोहराते हुए कहा, “इस जघन्य कृत्य के पीछे जो लोग हैं, उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा… उन्हें बख्शा नहीं जाएगा! उनका नापाक एजेंडा कभी सफल नहीं होगा। आतंकवाद से लड़ने का हमारा संकल्प अडिग है और यह और भी मजबूत होगा।”
क्या था हमला ?
यह आतंकी हमला मंगलवार को पहलगाम के पास बैसरन घाटी में हुआ, जहां घने जंगलों से निकलकर आतंकियों ने पर्यटकों के एक समूह पर अंधाधुंध गोलीबारी की। इस हमले में 26 लोगों की जान चली गई और कई घायल हुए। बता दें कि प्रारंभिक खुफिया इनपुट्स के मुताबिक, इस हमले के पीछे पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF)’ का हाथ है, जो लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा माना जाता है।
पूरे जम्मू-कश्मीर में हाई अलर्ट, सुरक्षा बढ़ाई गई
हमले के बाद पूरे जम्मू-कश्मीर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की संख्या बढ़ा दी गई है और बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिए गए हैं। वहीं हमले के बाद जांच एजेंसियां तुरंत एक्शन में आ गई हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने चश्मदीदों से पूछताछ के बाद 3 आतंकियों के स्केच जारी की है। शुरुआती जांच के आधार पर 3 संदिग्ध आतंकियों के स्केच जारी किए गए हैं। इन स्केच को सुरक्षाबलों के साथ-साथ आम जनता से भी साझा किया गया है ताकि इनकी पहचान और जल्द से जल्द गिरफ्तारी हो सके।

