नेशनल डेस्क : भारत ने अब पाकिस्तान के आतंकवादी गतिविधियों के मामले को दुनिया के सामने लाने के लिए कई देशों में डेलीगेशन भेजना शुरू कर दिया है। भारतीय नेताओं का यह कदम पाकिस्तान के काले कारनामों को उजागर करने और आतंकवाद के मुद्दे पर दुनिया से सहयोग प्राप्त करने के लिए है। इसी डेलीगेशन में भारत से जापान गए टीएमसी के सांसद अभिषेक बनर्जी ने पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय मंच पर जमकर लताड़ा। आइए जानते है इस दौरान उन्होंने क्या कुछ कहा।
अभिषेक बनर्जी का पाकिस्तान पर हमला
आपको बता दें कि जापान में टीएमसी (तृणमूल कांग्रेस) के सांसद अभिषेक बनर्जी ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, “हम यहां दुनिया के सामने यह सच्चाई पेश करने के लिए आए हैं कि भारत कभी नहीं झुकेगा। हम डर के आगे घुटने नहीं टेकेंगे। पाकिस्तान को उसकी भाषा में जवाब दिया जाना चाहिए। अगर आतंकवाद एक पागल कुत्ता है, तो पाकिस्तान उसका जंगली हैंडलर है। हमें इस जंगली हैंडलर से निपटने के लिए पूरी दुनिया को एकजुट करने की जरूरत है, वरना यह और अधिक पागल कुत्ते पैदा करेगा।”
PAK की पोल खोलने की कोशिश
भारत के विभिन्न डेलीगेशन अब पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित आतंकवाद का पर्दाफाश करने के लिए विभिन्न देशों में पहुंच रहे हैं। कांग्रेस नेता शशि थरूर के नेतृत्व में एक डेलिगेशन गुयाना के लिए रवाना हुआ है, जो अमेरिका, पनामा, ब्राजील और कोलंबिया का दौरा करेगा। इस डेलिगेशन में शशि थरूर के अलावा कई अन्य प्रमुख नेता भी शामिल हैं। वहीं, भाजपा सांसद बैजयंत पांडा के नेतृत्व में एक और डेलिगेशन बहरीन के लिए रवाना हुआ है, जो सऊदी अरब, कुवैत और अल्जीरिया का दौरा करेगा।
आतंकवाद पर शशि थरूर का बयान
गुयाना रवाना होने से पहले शशि थरूर ने पाकिस्तान के आतंकवाद के मुद्दे को लेकर कहा, “हम पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित आतंकवाद की पोल खोलने के लिए जा रहे हैं। हम दुनिया को बताने के लिए जा रहे हैं कि हमारा अनुभव क्या रहा है और कैसे पाकिस्तान ने आतंकवाद को बढ़ावा दिया है।”
ओवैसी और बैजयंत पांडा का बयान
बहरीन रवाना होने से पहले असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, “पाकिस्तान आतंकवादी शिविर चला रहा है, और हम इस मुद्दे को लेकर चारों देशों से बात करेंगे। हमें इस पर स्पष्ट और सख्त कदम उठाने की आवश्यकता है।” भाजपा सांसद बैजयंत पांडा ने भी इस यात्रा के महत्व को रेखांकित किया, “हमारे इस डेलीगेशन का सबसे बड़ा संदेश वह एकता है जो भारत ने दुनिया को दिखाई है और आगे भी दिखाता रहेगा। हम आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होने के लिए दुनिया से अपील करेंगे। इस यात्रा के दौरान हम पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित आतंकवाद की गंभीरता को समझाने की कोशिश करेंगे, और यह संदेश देंगे कि युद्ध में जीत के बाद आतंकवाद पर ध्यान केंद्रित करना आवश्यक है।”
आतंकवाद के खिलाफ मजबूत कदम
भारत के इन डेलीगेशन्स का मुख्य उद्देश्य पाकिस्तान के आतंकवाद को दुनिया के सामने लाना और इस मुद्दे पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय से सहयोग प्राप्त करना है। भारतीय नेताओं का मानना है कि पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए वैश्विक स्तर पर एकजुटता की आवश्यकता है, ताकि इससे निपटा जा सके।

