Site icon Dainik Savera Times

हरियाणा में पकड़ा गया पाकिस्तानी जासूस, मोबाइल से मिले देशद्रोह से जुड़े कई सबूत

हरियाणा डेस्क. हरियाणा के पलवल जिले की खुफिया एजेंसी (सीआईए) ने आलीमेव गांव निवासी तौफिक (35) को गिरफ्तार किया है। तौफिक पर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का आरोप है। आरोपी के खिलाफ देशद्रोह समेत कई धाराओं में शहर थाना में केस दर्ज किया गया है। सीआईए प्रभारी पी/एसआई दीपक ने गिरफ्तारी की पुष्टि है। तौफिक भारतीय सैन्य गतिविधियों से जुड़ी गोपनीय जानकारी पाकिस्तान उच्चायोग को भेजता था।

मोबाइल से मिले देशद्रोह से जुड़े कई सबूत

जांच एजेंसियों के अनुसार, तौफिक भारतीय सेना की गतिविधियों और रक्षा तैयारियों से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां वॉट्सऐप के जरिए शेयर करता था। जानकारी दिल्ली स्थित पाकिस्तान उच्चायोग में तैनात एक कर्मचारी को भेजी जाती थी। पुलिस को आरोपी के मोबाइल से देशद्रोह से जुड़े कई सबूत मिले हैं।

2022 में गया था पाकिस्तान

जानकारी के अनुसार, आरोपी तौफिक साल 2022 में अपनी रिश्तेदारों से मिलने पाकिस्तान गया था। इसी दौरान उसकी मुलाकात पाकिस्तान दूतावास में कार्यरत एक कर्मचारी से हुई थी। इसके बाद दोनों वॉट्सऐप पर बात करनी शुरू कर दी। तौफिक पिछले लंबे समय से सैन्य जानकारी भेज रहा था। इसके साथ ही लोगों का वीजा लगवाकर पाकिस्तान भी भेजता था। उसने यह बात स्वीकार भी की है।

शद्रोह की धाराओं में मामला दर्ज

इस मामले में शहर थाना में आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता, ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट 1923 और देशद्रोह की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। जांच एजेंसियों को शक है कि आरोपी के तार सीमा पार बैठे खुफिया एजेंटों से भी जुड़े हो सकते हैं।

इससे पहले नूंह से भी पकड़े गए थे जासूस

गौरतलब है कि इससे पहले हरियाणा के नूंह जिले से भी पुलिस ने पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। इन मामलों ने प्रदेश के कई जिलों में खुफिया एजेंसियों की सतर्कता और बढ़ा दी है।

Exit mobile version