नई दिल्ली: पाकिस्तान ने एक बार फिर नियंत्रण रेखा (LoC) पर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है। भारतीय सेना के अनुसार, 4 और 5 मई 2025 की मध्य रात्रि को पाकिस्तानी चौकियों से जम्मू-कश्मीर के कई संवेदनशील इलाकों में बिना किसी उकसावे के गोलीबारी की गई। भारतीय सेना ने भी इसका मुंहतोड़ जवाब दिया।
किन-किन इलाकों में हुई गोलीबारी?
पाकिस्तानी सेना ने छोटे हथियारों से फायरिंग कर कुपवाड़ा, बारामूला, पुंछ, राजौरी, मेंढर, नौशेरा, सुंदरबनी और अखनूर जैसे सीमावर्ती इलाकों को निशाना बनाया। पिछले 11 दिनों से पाकिस्तान लगातार गोलीबारी कर शांति भंग करने का प्रयास कर रहा है।
भारतीय सेना की सख्त प्रतिक्रिया
भारतीय सेना ने पाकिस्तान की इस नापाक हरकत का कड़ा और सटीक जवाब दिया। सेना के अनुसार, भारतीय जवान पूरी सतर्कता के साथ मोर्चे पर डटे हुए हैं और किसी भी प्रकार की चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दी कड़ी चेतावनी
इस घटनाक्रम के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा, “देश की ओर आंख उठाने वालों को हम मुंहतोड़ जवाब देंगे।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सेना दुश्मनों को उनकी ही भाषा में जवाब देने में सक्षम है। उन्होंने कहा “मैं देशवासियों को भरोसा दिलाता हूं कि हम सीमा की रक्षा करने के लिए हरसंभव कदम उठाएंगे,”।
पहलगाम आतंकी हमले से जुड़ रही घटनाएं
22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 निर्दोष लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद से सुरक्षा एजेंसियों ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। आतंकी संगठनों पर दबाव बढ़ने के बाद पाकिस्तान ने एलओसी पर फायरिंग तेज कर दी है, ताकि आतंकियों को कवर मिल सके।
सरकार का बड़ा फैसला: सेना को खुली छूट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में तीनों सेनाओं के प्रमुख, रक्षा मंत्री, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और CDS ने स्थिति की समीक्षा की। इसके बाद सरकार ने सेना को पूरी छूट देने का निर्णय लिया है, ताकि सीमाओं की सुरक्षा में कोई बाधा न आए।

