Site icon Dainik Savera Times

‘जनता की पीएम मोदी-बीजेपी और RSS में अब दिलचस्पी नहीं’, पवन खेड़ा का भाजपा पर निशाना

People no longer interested PM Modi BJP RSS Pawan Khera targets BJP

People no longer interested PM Modi BJP RSS Pawan Khera targets BJP

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने शनिवार को केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की जनता का अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) में कोई खास दिलचस्पी नहीं रह गया है। उन्होंने यह बयान कांग्रेस की प्रस्तावित रैली और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडिया गठबंधन के कार्यक्रम से पहले दिया।

पवन खेड़ा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित कार्यक्रम को बीजेपी द्वारा मॉक पार्लियामेंट बताए जाने पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह कोई नकली संसद नहीं है, बल्कि मुख्य चुनाव आयुक्त के कामकाज को लेकर जनता के सामने सवाल उठाने का एक कार्यक्रम है। उन्होंने इसे ‘पब्लिक ट्रायल’ और ‘पब्लिक इंपीचमेंट’ का नाम दिया। खेड़ा ने दावा किया कि इस कार्यक्रम को लेकर लोगों में काफी उत्साह है। इसमें केवल इंडिया गठबंधन के नेता और सदस्य ही नहीं, बल्कि सिविल सोसाइटी से जुड़े लोग भी हिस्सा ले रहे हैं। उनके अनुसार, लोग इस कार्यक्रम के जरिए चुनाव आयोग की भूमिका और उसके कामकाज पर अपनी बात रखना चाहते हैं।

कांग्रेस नेता ने रैली की तैयारियों का जायजा लिया

वहीं, कांग्रेस नेता मल्लू रवि शनिवार को दिल्ली के रामलीला मैदान पहुंचे और रविवार को होने वाली कांग्रेस की रैली की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि रैली को लेकर सभी तैयारियां तेजी से की जा रही हैं और पार्टी की ओर से किए गए इंतजाम संतोषजनक हैं।मल्लू रवि ने केंद्र सरकार पर राजनीतिक भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि अलग-अलग राज्यों से दिल्ली आने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों के लिए ट्रेनों और अतिरिक्त कोच की व्यवस्था नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के लोगों को दिल्ली आने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि सरकार निजी होटलों को कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कमरे देने से रोक रही है। मल्लू रवि ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के आह्वान पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि रामलीला मैदान में भारी भीड़ जुटेगी और कई लोग मैदान के बाहर भी मौजूद रहेंगे। मल्लू रवि ने कांग्रेस सांसदों से मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने की अपील भी की। उन्होंने बताया कि शनिवार दोपहर 2:30 बजे मॉक पार्लियामेंट का आयोजन प्रस्तावित है।

खड़गे के आवास में जुटेंगे इंडिया गठबंधन के नेता

इस बीच, इंडिया गठबंधन के नेता शनिवार दोपहर 3:30 बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास, 10 राजाजी मार्ग पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अपना विरोध कार्यक्रम आयोजित करने वाले हैं। गौरतलब है कि शुक्रवार को दिल्ली में हुई बारिश के कारण इस कार्यक्रम को टाल दिया गया था। बाद में राहुल गांधी ने बताया कि वरिष्ठ नेताओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसलिए आपसी सहमति से कार्यक्रम की तारीख और समय में बदलाव किया गया है।

Exit mobile version