Dainik Savera Times

घर और पार्टी से बेदखल हुए लालू के ‘बड़े लाल’, सोशल मीडिया पर वायरल हो रही अनुष्का संग तस्वीरें

नेशनल डेस्क : आरजेडी नेता तेज प्रताप यादव इस समय सुर्खियों में हैं क्योंकि उनके फेसबुक अकाउंट से एक तस्वीर अचानक सामने आई, जिसमें वे एक लड़की के साथ नजर आए। हालांकि, यह पोस्ट काफी जल्दी डिलीट कर दी गई और तेज प्रताप ने कहा कि उनका अकाउंट हैक कर लिया गया था और तस्वीरें एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से बनाई गई हैं। इसी बीच राजद प्रमुख लालू यादव ने अपने बड़े बेटे तेज प्रताप को घर और पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। इस फैसले की जानकारी लालू यादव ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर दी है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

वायरल तस्वीरों और वीडियो ने बढ़ाई चर्चा

बीते दिन यानी शनिवार को तेज प्रताप ने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए जानकारी दी थी कि मेरा अनुष्का यादव के साथ पिछले 12 साल से संबंध है। उन्होंने आगे लिखा कि मैं इस खबर को आपसे बहुत समय पहले शेयर करना चाहता था पर मुझे यह समझ नहीं आ रहा था कि मैं यह बात आपसे कैसे कहूँ…   हालांकि कुछ समय बाद ही इस पोस्ट को एक्स से डिलीट कर दिया गया। जिसके बाद आज यानी रविवार को उन्होंने पोस्ट करते हुए लिखा मेरा एक्स अकाउंट हैक हो चुका है। आप इस खबर पर ध्यान न दें। यह खबर केवल अफवाह मात्र है।

वहीं अब सोशल मीडिया पर केवल एक या दो नहीं, बल्कि कई तस्वीरें और वीडियो वायरल होने लगे। इन तस्वीरों में अनुष्का यादव सिंदूर लगाए और आरजेडी की टोपी पहने दिख रही हैं। सोशल मीडिया पर लोग इस बात पर भी सवाल उठा रहे हैं कि ये तस्वीरें असली हैं या फिर एआई द्वारा बनाई गई नकली छवियां हैं।

अनुष्का यादव कौन हैं?

वायरल खबरों के अनुसार, अनुष्का यादव पटना की रहने वाली हैं। कहा जा रहा है कि वह तेज प्रताप यादव के एक करीबी दोस्त की बहन हैं। इस दोस्त का भाई पहले आरजेडी में था, लेकिन अब किसी अन्य पार्टी से जुड़ा है। इस वजह से राजनीति की इस घटना ने और भी ज्यादा तहलका मचा दिया है।

सोशल मीडिया पर हो रही तीखी प्रतिक्रियाएं

तेज प्रताप यादव और अनुष्का यादव के वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे हैं, जिसमें दोनों एक कमरे में साथ नजर आ रहे हैं। इस मामले को लेकर लोग सवाल उठा रहे हैं कि यदि तेज प्रताप यादव की गर्लफ्रेंड अनुष्का थीं तो फिर उन्होंने ऐश्वर्या राय से शादी क्यों की। इस पूरे विवाद से दो लड़कियों की जिंदगी प्रभावित हुई है, जिसके कारण सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।

Exit mobile version